Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    औरैया पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 6 बदमाश गिरफ्तार; दो के पैर में लगी गोली

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 02:47 PM (IST)

    औरैया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिधूना में मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और कुल छह अपराधी गिरफ्तार किए गए। ...और पढ़ें

    यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

    यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

    HighLights

    1. बिधूना में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दो को गोली लगी।

    2. कुल छह अपराधी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद।

    3. मोमिन और विकास पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज।

    संवाद सहयोगी, औरैया। औरैया जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिधूना पुलिस को मंगलवार-बुधवार की रात बड़ी सफलता हाथ लगी।

    थाना बिधूना पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान डहरियापुर मोड़ के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके चार अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने छह अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में माल, नकदी, दो चार पहिया वाहन, एक बुलेट बाइक तथा अवैध असलहे बरामद किए हैं।

    पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना बिधूना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हाल ही में जिले में हुई विभिन्न चोरी की घटनाओं में शामिल बदमाश डहरियापुर मोड़ के पास एकत्र होकर चोरी के सामान एवं नकदी का आपस में बंटवारा करने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल वीनेश कुमार ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी की।

    पुलिस टीम पर बदमाशों ने की फायरिंग

    पुलिस को देखते ही बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान मोमिन पुत्र सुलेमान निवासी इस्लाम नगर, थाना सौरिख, जनपद कन्नौज तथा विकास उर्फ गौरव पुत्र रामबक्श निवासी हरीपुर, थाना किशनी, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है।

    खबरें और भी

    दोनों के पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान मौके से भागने का प्रयास कर रहे चार अन्य बदमाशों को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार पुलिस ने कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर एक सक्रिय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है।

    पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त मोमिन बेहद चालाक अपराधी है, जिसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट सहित करीब 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे घायल अभियुक्त विकास उर्फ गौरव के खिलाफ भी करीब सात आपराधिक मामले पंजीकृत हैं। अन्य गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

    बदमाशों से भारी मात्रा में सामान बरामद

    गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की बड़ी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, दो चार पहिया वाहन, एक बुलेट बाइक, दो अवैध 315 बोर तमंचे, भारी संख्या में जिंदा कारतूस एवं खोखा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद सामान हाल ही में जिले में हुई कई चोरी की घटनाओं से संबंधित बताया जा रहा है, जिसके आधार पर पुलिस विभिन्न मामलों का मिलान कर रही है।

    मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ के आधार पर जिले में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है। गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। सभी आरोपितों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    इस पूरी कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी बिधूना पुनीत मिश्रा, कोतवाली प्रभारी वीनेश कुमार, स्वाट टीम, सर्विलांस टीम तथा थाना बिधूना पुलिस के जवान मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

    यह भी पढ़ें- औरैया में 56 सेंटीमीटर झुकी पानी की टंकी ढहाई गई, 20 घंटे में प्रशासन ने किया ध्वस्त