Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    औरैया के बंथरा बाजार में मोबाइल दुकान में लगी आग, लाखों का सामान खाक

    Updated: Sat, 23 May 2026 04:37 PM (IST)

    औरैया के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बंथरा बाजार में एक मोबाइल दुकान और जनसेवा केंद्र में भीषण आग लग गई। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. बंथरा बाजार में मोबाइल दुकान में लगी आग।

    2. शॉर्ट सर्किट से 5-6 लाख का नुकसान।

    3. नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर राख।

    जागरण संवाददाता, औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बंथरा बाजार में शुक्रवार देर रात मोबाइल शॉप व जनसेवा केंद्र में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

    आग लगने से दुकान में रखा मोबाइल सामान, नकदी व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर राख हो गए। पीड़ित दुकानदार ने करीब 5 से 6 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।

    गांव डोडापुर निवासी किशन बाबू की बंथरा बाजार में महेश बाबू के मकान में मोबाइल शॉप और जनसेवा केंद्र संचालित है। शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। आसपास के लोगों ने आग देख तुरंत दुकान मालिक और दमकल विभाग को सूचना दी।

    मौके पर पहुंचे दुकानदार ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में दमकल कर्मी भी पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सूचना पर बदनपुर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली।

    दुकानदार किशन बाबू ने बताया कि दुकान में रखे मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक सामान व करीब 80 हजार रुपये की नगदी जल गई। घटना में कुल 5 से 6 लाख रुपये के नुकसान की बात कही गई है।

    कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।