Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चेन स्नैचिंग से कमाए पैसे… डाउन पेमेंट कर लोन पर खरीदी नई अपाचे बाइक, भनक लगते ही पुलिस ने कर ली जब्त

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 03:32 PM (IST)

    औरैया पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से अवैध तमंचा, बाइक और नकदी बरामद हुई है। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    HighLights

    1. औरैया पुलिस ने चेन स्नैचिंग के आरोपी को किया गिरफ्तार।

    2. आरोपी ने चोरी के पैसों से खरीदी थी नई अपाचे बाइक।

    3. बांदा और जालौन में भी चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल।

    जागरण संवाददाता, औरैया। कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने चेन स्नैचिंग की घटना का राजफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक और 15,150 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में शामिल दूसरा आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

    रविवार को एसपी अभिषेक भारती ने आरोपित के आपराधिक इतिहास और घटना के संबंध में जानकारी दी। बताया कि आरोपित से पूछताछ में चेन स्नैचिंग की अन्य घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

    यह है पूरा मामला

    पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को अजीतमल थाना क्षेत्र के हजापुर निवासी रघुनंदन सिंह ने कोतवाली औरैया में तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि वह अपनी बहन और बेटी के साथ औरैया आ रहे थे। इसी दौरान महिला के गले से चेन छीन ली गई थी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी।

    रविवार को देवकली तिराहा पर पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की अपाचे पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों जालौन चौराहे की ओर भागने लगे।

    खबरें और भी

    पीछा करने के दौरान बाइक फिसल गई, जिससे बाइक सवार गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने एक आरोपित को मौके पर पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर भाग निकला।

    गिरफ्तार आरोपित की पहचान 21 वर्षीय ज्ञानेन्द्र सिंह उर्फ साहिल निवासी शीतलपुर थाना घाटमपुर कानपुर नगर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ 30 जुलाई को कानपुर रोड स्थित मिहौली ओवरब्रिज के पास महिला के गले से चेन छीनने की बात स्वीकार की।

    पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद चेन कानपुर में बेच दी गई थी। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पूछताछ में आरोपित ने बांदा और दो जुलाई को जालौन में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं में भी शामिल होने की जानकारी दी है।

    घटनाओं का हुआ खुलासा

    आरोपित ने पूछताछ में बताया कि 30 जुलाई को मिहौली ओवरब्रिज के पास महिला के गले से चैन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था। उसके साथी ने चैन को कानपुर में किसी व्यक्ति के यहां बेच दिया था। चैन बिक्री से प्राप्त रकम में से अभियुक्त को 55,000 रुपये मिला था।

    उक्त रकम में से 36,000 रुपये देकर उसने किस्तों पर नई अपाचे दो दिन पूर्व खरीदी थी। पुलिस द्वारा बरामद अपाचे वही बताई गई है। कब्जे से बरामद 15,150 रुपये भी उसी हिस्से की रकम होना बताया गया है।

    पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर जून माह में जनपद बांदा तथा दो जुलाई को जनपद जालौन में भी चैन स्नैचिंग की थीं।