औरैया के बिधूना में शॉर्ट सर्किट से चूड़ी की दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान
औरैया के बिधूना स्थित सब्जी मंडी बाजार में शॉर्ट सर्किट से एक चूड़ी की दुकान में आग लग गई, जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आसपास के दुकानदारों औ ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, बिधूना(औरैया)। कस्बे के किशोरगंज स्थित सब्जी मंडी बाजार में मंगलवार को चूड़ी की दुकान में आग लग गई। आग लगने से बाजार में अफरा तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और लोगों की मदद से आग पर काबू तो पा लिया गया। लेकिन इस दौरान दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार के अनुसार आग लगने से उसका लगभग तीन लाख का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशन अग्रवाल निवासी पुराना बिधूना की सब्जी मंडी बाजार में चूड़ी की दुकान है। सुबह करीब 11 बजे शार्ट सर्किट होने से दुकान में आग लग गई। आग लगने के दौरान दुकानदार अपने घर पर था। आसपास के दुकानदारों ने उसे सूचना दी। जब तक वह वहां पहुंचा, आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। आग से उसके बगल वाली सौंदर्य प्रसाधन की दुकान में भी काफी नुकसान हुआ है।
मौके पर लोगों भीड़ जमा हो गई। आसपास के दुकानदारों और लोगों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किया। आसपास के घरों के लोगों ने समर्सिबल चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित दुकानदार किशन ने बताया है कि आग लगने से सभी कीमती चूड़ियां और अन्य सामान जल कर नष्ट हो चुका है। बताया कि दुकान में लगभग तीन लाख रुपये का माल रखा हुआ था। जो आग में जल गया है।
वहीं पड़ोसी आकाश सोनी ने बताया कि सौंदर्य प्रसाधन का लगभग 50 हजार का सामान जलकर खराब हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि शार्ट सर्किट से दुकान में आग लगी है। दुकानदार का सारा सामान जल गया है। वहीं पड़ोस की दुकान में भी नुकसान हुआ है।