औरैया के बिधूना में बिजली के झटके से मासूम की मौत, परिवार में छाया मातम
औरैया के बिधूना में घर में खेलते समय बिजली की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। ...और पढ़ें

HighLights
बिधूना में तीन वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत।
घर में खेलते समय बिजली की चपेट में आया बच्चा।
स्वजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर अंतिम संस्कार किया।
जागरण संवाददाता, औरैया। बिधूना कस्बा के मुहल्ला पुराना बिधूना में रविवार सुबह घर के अंदर खेलते समय बिजली की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना से स्वजन बेहाल हो गए। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार दोपहर में किया गया।
पुराना बिधूना निवासी अमित कुमार का तीन वर्षीय पुत्र युग रविवार सुबह हमेशा की तरह घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह घर में मौजूद बिजली के उपकरणों या खुले तार के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही मासूम अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। बच्चे को बेसुध हालत में देख स्वजन के होश उड़ गए।
बदहवास हालत में स्वजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लेकर पहुंचे। अस्पताल में डाक्टरों ने जांच के बाद युग को मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों के जवाब देते ही अस्पताल परिसर स्वजन की चीखों से गूंज उठा। मासूम बेटे की असमय मौत से पिता अमित कुमार और मां अंजलि का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। हालांकि, पीड़ित स्वजन ने कानूनी कार्रवाई और शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद स्वजन मासूम के शव को घर ले आए और गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। हंसते-खेलते मासूम की मौत से स्थानीय निवासी गहरे शोक में हैं।