दुकान के बाहर खेल रहे मासूम को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, हालत गंभीर होने पर सैफई रेफर
औरैया में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम ओमचरन गंभीर रूप से घायल हो गया। वह दुकान के बाहर खेल रहा था जब यह हादसा हुआ। ...और पढ़ें

दुकान के बाहर खेल रहे मासूम को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर।
HighLights
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो वर्षीय मासूम को कुचला।
बच्चे के पैर में फ्रैक्चर, सैफई रेफर किया गया।
चालक फरार, पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया।
संवादसूत्र, ऐरवाकटरा। गांव उमरैन के ऐरवाकटरा–किशनी मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर दो वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रॉली में फंस वह करीब 25 मीटर तक घिसटता चला गया। उसके पैर और चेहरे में ज्यादा चोटें आई।
घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के समय बच्चे के माता-पिता खरीदारी कर रहे थे। वह दुकान के बाहर खेल रहा था। तभी हादसा हुआ।
गांव मारवाड़ी निवासी धर्मपाल अपनी पत्नी सुशीला और दो वर्षीय पुत्र ओमचरन के साथ उमरैन बाजार आए थे। धर्मपाल कपड़ों की दुकान पर खरीदारी कर रहा था, तभी ओमचरन बाहर खेलने लगा।
इसी दौरान ऐरवाकटरा की ओर से तेज गति से आ रहे अज्ञात ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के चलते मासूम उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके से गुजर रही यूपी-112 पुलिस ने घायल बच्चे को स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया।
चिकित्सक कुशवीर सिंह ने बताया कि मासूम के दोनों पैरों में फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटें हैं, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर किया गया है।
ऐरवाकटरा थाना प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।