सिर पर जालीदार टोपी, कंधों पर 51 किलो की कांवड़: तमन्ना मलिक के बाद संभल के सलमान ने पेश की भाईचारे की मिसाल
संभल के सलमान हरिद्वार से अपने हिंदू दोस्तों के साथ 51 किलो गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। यह यात्रा गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे को मजबू ...और पढ़ें

अपने जत्थे के साथ 51 किलो गंगाजल लेकर हरिद्वार से संभल जाते सलमान। जागरण
HighLights
हरिद्वार से गांव के हिंदु दोस्तों संग कंधों पर कांवड़ लेकर चल रहे
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। गंगा जमुना तहजीब एवं आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने के लिए संभल के सलमान हरिद्वार से शिवभक्तों के साथ 51 किलो गंगाजल कंधे पर रखकर पैदल कावड़ यात्रा कर रहे हैं। रविवार को वह अपने हिंदु दोस्तों के साथ कांवड़ लेकर हसनपुर से रवाना हुए हैं।
भगवान शिव शंकर के त्रिशूल वाली टी-शर्ट और सिर पर मुस्लिम टोपी लगाए हुए शिव भक्त को देखकर जगह-जगह लोग स्वागत कर रहे हैं। रविवार शाम वह हसनपुर रहरा मार्ग से होते हुए अपने जत्थे के साथ गंतव्य की ओर बढ़ते हुए दिखाई दिए।
पूर्व में बुर्का पहन कर कांवड़ लाने के बाद चर्चा में आई संभल की तमन्ना मलिक इस बार भी कांवड़ लाने को लेकर चर्चा में रही हैं। उनके बाद जिले के पीर बहादुर गांव का रहने वाला मुस्लिम युवक सलमान अपने गांव के अन्य कावड़ियों के साथ हरिद्वार से 51 लीटर पवित्र गंगाजल लेकर पैदल यात्रा पर निकले हैं।
साथ चल रहे वरिष्ठ साथी मोतीलाल ने बताया कि सलमान ने किसी दबाव या मन्नत के बजाय अपनी खुशी और आस्था से कावड़ यात्रा में शामिल होने की इच्छा जताई थी।
वहीं, मुस्लिम युवक सलमान ने बताया कि वह केवल आपसी प्रेम के पैगाम को मजबूत करने के लिए पूरे अकीदत के साथ हरिद्वार से जल लेकर अपने गांव जा रहे हैं। स्वजन और गांव के हिंदू पड़ोसियों की सहमति लेकर खुशी से निकली यह कावड़ यात्रा क्षेत्र में भाईचारे को निश्चित रूप से मजबूती का संदेश दे रही है।