Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    महिला कांवड़ियों का दिखा उत्साह: सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि पर जलाभिषेक की तैयारियां पूरी

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 07:11 PM (IST)

    गजरौला में सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि पर जलाभिषेक की तैयारियों के बीच महिला शिवभक्तों में भारी उत्साह दिख रहा है। डाक कांवड़ का सिलसिला भी तेज ...और पढ़ें

    हरिद्वार से गंगाजल लेकर आती महिला कांवड़िया। जागरण

    हरिद्वार से गंगाजल लेकर आती महिला कांवड़िया। जागरण

    HighLights

    1. सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि पर जलाभिषेक की तैयारी

    2. जगह-जगह भंडारों में कांवड़ियों की सेवा, सुरक्षा को पुलिस मुस्तैद

    संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। हर-हर महादेव... बम-बम भोले... के जयघोष से गजरौला का धनौरा रोड और हाईवे शिवमय हो गया है। सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे लगातार अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।

    इनमें बड़ी संख्या में महिला कांवड़ियों के जत्थे भी शामिल हैं। सिर पर कांवड़ और जुबां पर भोलेनाथ का नाम लिए महिला शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। डाक कांवड़ का सिलसिला भी तेज हो गया है, जिसके कारण हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

    कांवड़ियों के साथ चल रहे म्यूजिक सिस्टम पर गूंज रहे शिव भजनों और भगवान शिव की आकर्षक झांकियों से वातावरण भक्तिमय हो गया है। स्थानीय लोग भी कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आ रहे हैं। सावन के दूसरे सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा, जबकि मंगलवार को शिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा।

    08JPN_2_08082026_342.JPG

    दोनों अवसरों पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के पहुंचने की संभावना है। इसी के चलते हरिद्वार और बिजनौर की ओर से कांवड़ियों के लौटने का सिलसिला तेज हो गया है। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह पुलिस पिकेट तैनात की गई हैं।

    खबरें और भी

    इंदिरा चौक, चौपला, भानपुर, शकरथली, शाहबाजपुर डोर और बसैली समेत प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद हैं। सीओ अंजलि कटारिया और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

    हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे कांवड़ मार्ग

    धनौरा रोड पर कांवड़ियों के बीच महिला शिवभक्तों के जत्थे विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। महिलाएं एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाते हुए पैदल गंतव्य की ओर बढ़ रही हैं। रास्ते भर भोलेनाथ के जयकारे गूंज रहे हैं।

    कई जत्थों के साथ म्यूजिक सिस्टम भी चल रहे हैं, जिन पर बज रहे शिव भक्ति के गीत वातावरण में भक्ति का रंग घोल रहे हैं। कांवड़ियों के साथ भगवान शिव की आकर्षक झांकियां भी चल रही हैं। इन्हें देखने के लिए स्थानीय लोग सड़क किनारे खड़े नजर आ रहे हैं।

    गुन्नौर निवासी विजय ने बताया कि वह करीब 60 साथियों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे हैं। बताया कि कांवड़ की सजावट पर करीब 1,800 रुपये खर्च किए हैं। कांवड़ियों का कहना है कि भोलेनाथ की भक्ति और आस्था के सामने रास्ते की दूरी और थकान कोई मायने नहीं रखती।

    धनौरा रोड पर जगह-जगह भंडारे, सेवा में जुटे श्रद्धालु

    धनौरा रोड पर जगह-जगह भंडारे शुरू हो गए हैं। कहीं भोजन और प्रसाद की व्यवस्था की गई है तो कहीं कांवड़ियों के विश्राम के लिए इंतजाम किए गए हैं। थकान के बाद कांवड़िये भंडारों पर रुककर प्रसाद ग्रहण करने के साथ कुछ देर आराम भी कर रहे हैं।

    अनूपशहर के श्रद्धालुओं की ओर से लगाया गया भंडारा इस बार 25वें वर्ष में प्रवेश कर गया है। दिनेश चंद गुरु, सुबोध बंसल, हिरदेश, संजीव शर्मा समेत अन्य श्रद्धालु कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं। आयोजकों का कहना है कि भोलेनाथ के भक्तों की सेवा करना उनके लिए श्रद्धा और सौभाग्य का विषय है।

    यह भी पढ़ें- 'जल लेकर मंदिर भी तो पहुंचना है...' हादसों से सबक ले अमरोहा पुलिस की नई पहल, हाईवे पर लगे 1000 होर्डिंग