देवदूत बना पति: अमरोहा में भरभराकर गिरा मकान; खुद मलबे में दबा, लेकिन सूझबूझ से बचा ली 3 बच्चों की जान
अमरोहा के खाईखेड़ा गांव में लगातार बारिश से एक मकान गिर गया, जिसमें गृहस्वामी गुलफाम अली, उनकी पत्नी और मां मलबे में दबकर घायल हो गए। गुलफाम ने सूझबूझ ...और पढ़ें

वर्षा के दौरान गिरे मकान के बाहर खड़ा गुलफाम का परिवार
जागरण संवाददाता, अमरोहा। लगातार हो रही वर्षा में मकानो के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। गुरुवार सुबह को हसनपुर में मकान गिरा था तो अब गजरौला के गांव खाईखेड़ा में मकान गिर गया।
जिसके मलबे में दबकर गृहस्वामी गुलफाम अली, उसकी पत्नी तबस्सुम व मां कल्लो घायल हो गए। गुलफाम दिल्ली में एक सैलून पर नौकरी करता है। दो दिन पहले ही वह घर आया था। गुरुवार रात लगभग नौ बजे वह तीन बच्चों, पत्नी व मां के साथ बैठकर खाना खा रहा था।
उसी दौरान मकान में दरार आई तो गुलफाम की नजर उस पर पड़ गई। फौरन ही उसने पहले बच्चों को बाहर निकाल दिया। अभी खुद गुलफाम, तबस्सुम व कल्लो मकान से निकले नहीं थे कि वह भरभरा कर गिर गया। तीनों उसके मलबे में दब गए।
बच्चों ने शोर मचाया तो गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मलबे को हटा कर तीनों को बाहर निकाला तथा उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। ग्राम प्रधान हेमंत शर्मा ने बताया कि गुलफाम की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। राजस्व विभाग को अवगत करा दिया गया है।