अमरोहा में सरकारी ID हैक कर 3 दिन में बनाए 1820 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, अब SIT करेगी मामले की जांच
अमरोहा में साइबर अपराधियों ने सरकारी आईडी हैक कर तीन दिन में 1820 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए। ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
अमरोहा में सरकारी आईडी हैक कर फर्जीवाड़ा।
तीन दिन में 1820 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी।
मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। साइबर अपराधियों ने तीन दिन में सरकारी आइडी हैक कर 1820 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए, लेकिन जिम्मेदार तंत्र को इसकी भनक तक नहीं लगी। प्रकरण में नौ दिन बाद शुक्रवार को जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित किया गया। जांच से पता चलेगा कि सुरक्षा में चूक कहां हुई और इसके पीछे कौन है। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि सीओ सदर डा. प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में एसआइटी गठित की गई है।
इसमें सीएमओ डा. रमाकांत सागर और विकास भवन के नामित अधिकारी सहयोग करेंगे। टीम तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से हैकिंग के तरीके और आरोपितों का पता लगाएगी। 14 अक्टूबर को जोया ब्लाक की ग्राम पंचायत तोफापुर की आइडी से छह व सात अक्टूबर को 498 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी होने का मामला सामने आया था।
ये प्रमाण पत्र उत्तर प्रदेश समेत 17 राज्यों के लोगों के नाम से बनाए गए थे। इसके बाद जिले की सभी 576 ग्राम पंचायतों की आइडी लाक करने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसी दौरान मंडी धनौरा की चार ग्राम पंचायतों से पांच अक्टूबर को 1322 फर्जी प्रमाण पत्र जारी होने का पता चला।
यह भी पढ़ें- बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगा तो रो पड़े सपा प्रत्याशी, बोले- खुद को महसूस कर रहा पाकिस्तानी आतंकी; करूंगा धर्म परिवर्तन
ये उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों के लोगों के नाम पर जारी हुए। सभी मामलों में ग्राम सचिव की ई-मेल आइडी हैक कर ओटीपी के जरिये फर्जीवाड़ा किए जाने की जानकारी सामने आई है। मंडी धनौरा के मामले में सीएमओ ने साइबर थाने में आइटी एक्ट के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें- मतदाता सूची फर्जीवाड़ा मामले में 5 AERO पर जांच शुरू, पीलीभीत में 150 BLO घर-घर जाकर करेंगे वोटर लिस्ट में सुधार
ग्राम सचिव राजीव कुमार ने भी बछरायूं थाने में तहरीर दी, लेकिन शुक्रवार रात तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। सीएमओ ने बताया कि जिले की सभी 576 ग्राम पंचायतों की आइडी निष्क्रिय कर दी गई हैं। जांच पूरी होने के बाद ही नई आइडी जारी होंगी।
