Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अंबेडकर नगर में परिवार की बेरुखी से बेघर हुई विवाहिता, घर में ताला लगाकर गायब हैं ससुराल वाले

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 03:48 PM (IST)

    अंबेडकर नगर में एक विवाहिता को ससुरालियों ने घर में ताला लगाकर बेघर कर दिया है। पीड़ित महिला ने अब पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है, जिसकी जांच की जा र ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    HighLights

    1. ससुरालियों ने घर में ताला लगाकर विवाहिता को बेघर किया।

    2. पीड़ित महिला एक सप्ताह से गांव में भटक रही है।

    3. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

    संवाद सूत्र, अंबेडकर नगर। सात फेरे लेकर जिस घर को अपना संसार समझा, आज उसी घर में प्रवेश के लिए एक विवाहिता तरस रही है। ससुराल में ताला बंद है और पति समेत ससुरालीजन घर छोड़कर गायब हैं। करीब एक सप्ताह से महिला गांव में दर-दर भटक रही है। कभी किसी के घर शरण लेती है तो कभी किसी के यहां रात गुजारकर सुबह फिर आसरे की तलाश में निकल पड़ती है।

    परिवार की बेरुखी से बेघर हुई महिला ने अब पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। टांडा के कश्मीरिया मोहल्ला निवासी रूपम रंजन की शादी 19 फरवरी 2023 को सम्मनपुर के मालीपुर (गयासपुर) निवासी अशोक कुमार से हुई थी। पति मुंबई में निजी कंपनी में नौकरी करता है और कभी-कभार घर आता है। विवाहिता का आरोप है कि ससुरालीजन आए दिन उस पर तरह-तरह के आरोप लगाकर प्रताड़ित करते हैं। पति पर भी कई बार मारपीट करने का आरोप लगाया है।

    पीड़िता के मुताबिक, विवाद और प्रताड़ना के बावजूद उसने ससुराल छोड़ने का फैसला नहीं किया। उसे उम्मीद थी कि समय के साथ परिवार का व्यवहार बदलेगा और उसे उसका घर मिल जाएगा। लेकिन करीब एक सप्ताह पहले ससुराल में ताला बंद कर परिवार के लोग चले गए। मायके पक्ष के लोग भी कई बार पहुंचे, लेकिन बंद दरवाजा देखकर वापस लौटना पड़ा।

    अब हालात यह हैं कि विवाहिता के पास सिर छिपाने तक का स्थायी ठिकाना नहीं है। गांव के लोगों के यहां शरण लेकर वह किसी तरह गुजारा कर रही है। पीड़िता ने पुलिस से ससुराल में रहने का अधिकार दिलाने और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- अंबेडकरनगर : कांवड़ियों के वेश में तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी, ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी; मंदिरों पर रहेगा पुलिस-PAC का पहरा