अंबेडकरनगर डाकघर में सावन के लिए मिलेगा गंगोत्री का पवित्र गंगाजल
डाक विभाग अंबेडकरनगर में सावन के दौरान शिव अभिषेक के लिए गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध करा रहा है। ...और पढ़ें

HighLights
डाक विभाग अंबेडकरनगर में गंगाजल उपलब्ध कराएगा।
गंगोत्री से 3000 शीशियां मंगाई गई हैं।
सावन सोमवार को शिव बाबा धाम पर स्टॉल।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। सावन में देवाधिदेव महादेव का गंगाजल से जलाभिषेक करने का विशेष महत्व है, लेकिन अधिकांश श्रद्धालु हरिद्वार, ऋषिकेश, देवघर एवं बैजनाथ धाम व काशी विश्वनाथ नहीं जा सकते हैं।
ऐसे में अब डाक विभाग भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए गंगाजल उपलब्ध कराएगा। जिलामुख्यालय के प्रधान डाकघर संग 32 उप डाकघरों में उत्तराखंड के गंगोत्री से तीन हजार शीशियों में भरे गंगाजल की व्यवस्था की गई है।
प्रधान डाकघर में गंगाजल बिक्री के लिए विशेष काउंटर है, जहां हर दिन श्रद्धालुओं को गंगाजल मिलेगा। 30 रुपये भुगतान करके कोई भी 300 मिलीलीटर गंगाजल की शीशी खरीद सकता है। अभीतक एक हजार शीशियों से अधिक गंगाजल बिक्री हुआ है।
जलालपुर, जाफरगंज, मालीपुर, बसखारी, टांडा, बरियावन, विद्युत नगर, महरुआ, भीटी, कटेहरी, औरंगनगर समेत अन्य उप डाकघरों को सौ-सौ शीशी गंगाजल भेजा गया है।
गंगाजल खरीदने आए सुरेश कुमार, विपिन कुमार, जसवंत प्रजापति, प्रीति शर्मा, प्रवीण कुमार व गुड़िया ने बताया कि घर पर रुद्राभिषेक के लिए गंगाजल लेने आया हूं। सावन में बड़ी सुविधा है। अभी इसके लिए केवल बुकिंग करानी होगी। विभाग शिव मंदिरों में स्टाल लगा गंगाजल की बिक्री करेगा।
तीन अगस्त पहले सोमवार को शिव बाबा धाम परिसर में स्टाल लगाया जाएगा। पोस्टमास्टर सुमन पांडेय ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को शिव बाबा धाम में स्टाल लगाया जाएगा।
मुख्य डाकघर के साथ 32 उप डाकघरों में उत्तराखंड के गंगोत्री से तीन हजार शीशी में भरे गंगाजल की व्यवस्था कराई गई है। 300 मिलीलीटर गंगाजल की एक शीशी 30 रुपये में मिलेगी।