अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव की मांग, धरने पर बैठे छात्र; दिनभर हंगामा
एएमयू में छात्र संघ चुनाव न होने के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन जारी है, जहां 2018 से चुनाव नहीं ...और पढ़ें

एएमयू के डंक प्वाइंट पर चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते छात्र
HighLights
एएमयू में छात्र संघ चुनाव के लिए प्रदर्शन जारी।
निलंबित छात्र फहद का धरना आठवें दिन भी।
2018 से नहीं हुए हैं छात्र संघ चुनाव।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। एएमयू में छात्रसंघ की मांग जोर पकड़ती जा रही है। सोमवार को सैकड़ों छात्र-छात्राएं धरनास्थल पर जमा हुए। उन्होंने डक प्वाइंट के सामने का रास्ता बंद कर सेंटेनरी गेट और इंजीनियरिंग कालेज को आने वालों को रोक दिया। वहां पर बाइक और स्कूटी खड़ी कर दीं।
तिरंगा हाथ में लेकर वी वांट यूनियन, इंकलाब जिंदाबाद के नारे भी लगाए। छात्रों के साथ छात्राएं भी धरना स्थल बैठ गईं थीं और उनके साथ आवाज मिलाते हुए नारेबाजी की। इतना ही नहीं उत्साहित छात्रों ने आंदोलनकारी छात्र यासिर फहद को कंधे पर बैठा लिया। देर शाम तक छात्र धरना स्थल पर जमे रहे।
उनकी मांग है कि निलंबित छात्र को बहाल किया जाए और छात्रसंघ के चुनाव कराए जाएं। एएमयू में निलंबित छात्र यासिर फहद को वीमेंस कालेज में छात्राओं के आंदोलन को भड़काने के आरोप में एएमयू प्रशासन ने निलंबित कर रखा है। बहाली को लेकर छात्र का डक प्वाइंट पर आठ दिन से धरना चल रहा है।
छात्र उसके बहाल करने की मांग के समर्थन में पहुंच रहे हैं। सोमवार को इंटरनेट मीडिया और क्लास व हालों में जाकर छात्रों-छात्राओं से धरना स्थल पर पहुंचने का आह्वान भी किया गया था। उसको देखते हुए विधि विभाग सहित विभिन्न विभाग के अलावा कालेज, स्कूलों के छात्र-छात्राएं दोपहर से जमा होना शुरू हो गए।
उन्होंने नारेबाजी कर छात्रसंघ के चुनाव की मांग को बुलंद किया। कुछ छात्र आसपास के पेड़ों पर चढ़कर सारा नजारा देख रहे थे। डक प्वाइंट पर रास्ता बंद होने के कारण सेंटेनरी गेट और बाबे सैयद से आने वाले छात्र व अन्य लोग भी रोके जा रहे थे।
कैंपस में विभिन्न चौराहों पर सुरक्षा कर्मी खड़े होकर दूसरे रास्तों से होकर कार और बाइक सवार लोगों को बाहर निकाल रहे थे। छात्रों की भीड़ पर प्राक्टोरियल टीम लगातार नजर बनाए रखी। मंगलवार को एएमयू छात्रसंघ के पूर्व अब्दुल हफीज गांधी ने समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचेंगे।
आठ वर्ष से नहीं हुए छात्रसंघ के चुनाव
एएमयू में पिछले आठ वर्ष से छात्रसंघ के चुनाव नहीं हुए हैं। छात्रों का कहना है कि चुनाव न होने से छात्रों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। उनका मानना है कि यूनियन न होने से छात्रों की समस्याएं जस की तस है।
उधर, दूसरे केंद्रीय विश्वविद्यालयों में चुनाव कराने और एएमयू में न कराने पर इंटरनेट मीडिया पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं। कैंपस में पिछले कई वर्षों से सत्र शुरू होते ही छात्रसंघ मांग तेज होती जाती है। आखिर में यह मांग बेनतीजा रहती है।
