अलीगढ़ में बंदरों के आतंक से महिला की मौत, छत से गिरने पर गई जान
अलीगढ़ के बलवंत नगलिया गांव में बुधवार सुबह बंदरों की घुड़की से 55 वर्षीय रामवती देवी छत से गिर गईं। ...और पढ़ें

गांव की गली में घूमती बंदरों की टोली और इनसेट में मृतक महिला रामवती देवी का फाइल फोटो।
HighLights
55 वर्षीय रामवती देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार ने बिना कानूनी कार्रवाई अंतिम संस्कार किया।
संवाद सूत्र, गभाना (अलीगढ़)। गांव बलवंत नगलिया में बुधवार सुबह बंदरों की घुड़की से एक महिला छत से नीचे आंगन में जा गिरी। पक्के फर्श पर सिर के बल गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया।
गांव बलवंत नगलिया निवासी प्रमोद सिंह की 55 वर्षीय पत्नी रामवती देवी बुधवार सुबह करीब सात बजे किसी काम से घर की छत पर गई थीं। इसी दौरान छत पर अचानक बंदरों का झुंड आ गया और उन्होंने महिला की ओर दौड़ते हुए घुड़की दी। बंदरों से बचने के प्रयास में महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे आंगन में जा गिरीं।
बताया गया कि हादसे के समय उनके पति प्रमोद सिंह गांव में ही स्थित डेयरी पर दूध देने के लिए गए हुए थे। कुछ देर बाद जब वह घर लौटे तो पत्नी को आंगन में लहूलुहान हालत में पड़ा देखकर उनकी चीख निकल पड़ी। उनकी चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
ग्रामीणों ने महिला को उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। महिला की मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
रामवती देवी अपने पीछे दो बेटों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। स्वजन ने मामले में किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं कराई और आपसी सहमति से शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
