आगरा पति हत्याकांड: पत्नी और प्रेमी सहित तीन को उम्रकैद, 1.10 लाख जुर्माना
आगरा के ताजगंज में पति की हत्या के मामले में पत्नी, उसके प्रेमी और प्रेमी के भाई को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट न ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
ताजगंज में पति की हत्या में पत्नी, प्रेमी को उम्रकैद।
दोषियों पर 1.10-1.10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगा।
शव को बोरे में बंद कर कूड़े के ढेर में फेंका था।
जागरण संवाददाता, आगरा। ताजगंज में वर्ष 2021 में प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर पति की हत्या करने वाली पत्नी, प्रेमी और प्रेमी के भाई को विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट शिव कुमार ने आजीवन कारावास से दंडित किया है। न्यायालय ने 1.10-1.10 लाख रुपये के जुर्माना भी लगाया है। दोषियों ने हत्या के बाद शव को बोरे में बंद करके कूड़े के ढेर में फेंक दिया था।
ताजगंज थाने में गोबर चौकी क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर में रहने वाले सुरेश चंद्र ने मुकदमा दर्ज कराया था। दर्ज मुकदमे में कहा था कि आठ जून 2021 की सुबह 8 बजे उनके मोबाइल पर कॉल आई। काल करने वाले ने बेटे नरेश कुमार की हत्या की जानकारी दी। वह स्वजन के साथ नगला कली पुष्पांजलि होम्स स्थित बेटे के घर पहुंचे तो शव बोरे में बंद मकान के पीछे खाली प्लाट में पड़ा मिला। उन्होंने बेटे की पत्नी प्रेमिता पर हत्या का शक जताया था।
8 जून 2021 को थाना ताजगंज में हुई थी सनसनीखेज वारदात
पुलिस ने शिकोहाबाद के नगला केवल निवासी प्रेमिता के साथ ही उसके प्रेमी रविकांत राजपूत और प्रेमी के भाई शशिकांत राजपूत गिरफ्तार किया था। आरोपित ओबीसी जाति के होने पर विवेचक ने मुकदमे में एससी-एसटी की धारा बढ़ाई। अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में 10 गवाह पेश किए थे।
यह भी पढ़ें- 390 करोड़ से बनेगी 51 KM लंबी सड़क, आगरा-जलेसर रोड का सफर होगा सुहाना
हत्या के बाद छत से प्लाट में फेंका था शव
नरेश कुमार की पत्नी प्रेमिता के बुलाने पर प्रेमी रविकांत राजपूत अपने भाई शशिकांत राजपूत के साथ सात जून की रात नरेश के घर पहुंचा था। पड़ोसी की मकान की टूटी दीवार के सहारे दोनों नरेश के घर में दाखिल हुए।
यह भी पढ़ें- 50 रुपये में आगरा से गोवर्धन जाएंगी 1100 बसें, मुड़िया मेला के श्रद्धालुओं के लिए यूपी रोडवेज का प्लान तैयार
नरेश की पत्नी ने बच्चों को सुलाकर दूसरे कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद देर रात पत्नी प्रेमिता, रविकांत और शशिकांत ने ईंट से नरेश का सिर कुचलकर हत्या कर दी। शव को बोरे में बंद करके छत से मकान के पास स्थित खाली प्लाट में कूड़े के ढेर में फेंक दिया था। इसके बाद दोनों फरार हो गए थे। पुलिस की पूछताछ में पत्नी ने हत्या का सच उगल दिया।