लिफाफे पर लिखिए 'राखी मेल', रक्षाबंधन पर स्पीड पोस्ट पर बहनों को मिलेगी छूट; डाक विभाग ने दिया ऑफर
डाक विभाग ने रक्षाबंधन पर बहनों को स्पीड पोस्ट से राखी भेजने पर 10% छूट देने की घोषणा की है, जिसके लिए लिफाफे पर 'राखी मेल' लिखना होगा। यह सुविधा आम ग ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। डाक विभाग ने रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों के लिए विशेष छूट की घोषणा की है। 12 अगस्त से, दूर-दराज रहने वाले भाइयों को राखी भेजने वाली बहनों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से राखी भेजने पर दस प्रतिशत की छूट मिलेगी। छूट का लाभ उठाने के लिए बहनों को लिफाफे पर स्पष्ट और बड़े अक्षरों में 'राखी मेल' लिखना होगा।
इसके बाद ही डाक को इस विशेष श्रेणी में शामिल कर रियायती शुल्क लिया जाएगा। एक ग्राहक एक बार में अधिकतम पांच राखी मेल स्पीड पोस्ट ही बुक करा सकेगा। प्रतापपुरा स्थित प्रधान डाकघर के प्रवर डाकपाल शशिकांत जैन का कहना है कि लोगों की सुविधा के लिए डाकघर में राखी मेल की बुकिंग के लिए विशेष काउंटर भी लगाए जाएंगे।
यह पहल बहनों को अपने भाइयों के लिए राखी भेजने में सहूलियत प्रदान करेगी। विभाग राखी भेजने के लिए अलग से वाटरप्रूफ लिफाफा भी उपलब्ध करा रहा है। जिसकी कीमत 10 से 15 रुपये के बीच है।
बताया कि बहनों को छूट का लाभ लेने के लिए लिफाफे पर स्पष्ट और बड़े अक्षरों में 'राखी मेल' लिखना होगा। यदि लिफाफे पर राखी मेल नहीं लिखा होगा, तो ग्राहकों से सामान्य स्पीड पोस्ट शुल्क ही लिया जाएगा। बताया कि अगस्त में रक्षाबंधन को देखते हुए राखी भेजने वालों की संख्या में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। लिफाफे में राखी है या अन्य कोई चीज इसकी जानकारी कर्मचारी द्वारा की जाएगा।
आम ग्राहकों को ही यह मिलेगा लाभ
बताया कि यह सुविधा केवल आम ग्राहकों के लिए है। स्पीड पोस्ट की बुकिंग डाकघर के काउंटर से करानी होगी। बीपीएनपीएल, कारपोरेट और बल्क ग्राहकों को राखी मेल का लाभ नहीं मिलेगा। 10 प्रतिशत की छूट सिर्फ डाक शुल्क पर होगा। वैल्यू एडेड सेवा पर यह छूट लागू नहीं होगी।
खबरें और भी
रक्षाबंधन पर लोगों की सुविधा को देखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। इसका उद्देश्य लोगों को कम शुल्क में राखी सुरक्षित और समय पर भेजने की सुविधा देना है।
- शशिकांत जैन, प्रवर डाकपाल, प्रधान डाकघर