यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
India Pakistan Tension: तनाव का ताजमहल पर दिखा असर... पर्यटकों की संख्या में आई बड़ी गिरावट
Taj Mahal भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल का असर आगरा के पर्यटन उद्योग पर पड़ा है। ताजमहल देखने आने वाले भारतीय और विदेशी पर्यटकों की संख्या में ...और पढ़ें

HighLights
- भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल का पर्यटन पर पड़ा असर
- पिछले सप्ताहांत की अपेक्षा पर्यटकों की संख्या में दर्ज की गई गिरावट
जागरण संवाददाता, आगरा। Taj Mahal: भारत-पाकिस्तान के मध्य तनावपूर्ण माहाैल का असर शहर के पर्यटन कारोबार पर भी पड़ा है। यहां विगत सप्ताहांत (शनिवार व रविवार) की अपेक्षा इस सप्ताहांत भारतीय व विदेशी पर्यटकों की संख्या में 20 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। तनावपूर्ण माहौल के चलते विदेशी पर्यटकों पर अधिक प्रभाव पड़ने की आशंका पर्यटन कारोबारी जता रहे हैं।
पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला 22 अप्रैल को होने के बाद से ही भारतीय व विदेशी पर्यटकों ने टूर बुकिंग कैंसिल कराना शुरू कर दिया था। इसके बाद भारत द्वारा पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक किए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसका असर ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों की संख्या पर पड़ा है। पिछले सप्ताहांत में जहां 37626 पर्यटक आए थे, वह इस सप्ताहांत में घटकर 30692 रह गए।
.jpg)
ताजमहल पर पर्यटकों की फाइल फोटो।
तनावपूर्ण माहौल के चलते टूर बुकिंग कैंसिल हो रही हैं
टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा के अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बताया कि भारत-पाकिस्तान के मध्य तनावपूर्ण माहौल के चलते टूर बुकिंग कैंसिल हो रही हैं। इस बार मई में भारतीय व विदेशी पर्यटकों की बुकिंग अच्छी थीं। भारतीय पर्यटक तो कुछ समय बाद आना शुरू हो जाएंगे, लेकिन विदेशी पर्यटन को इससे उबरने में समय लगेगा।
ताजमहल पर सप्ताहांत में पर्यटकों की स्थिति
तिथि, भारतीय, विदेशी, कुल
- 3 मई, 17782, 1648, 19430
- 4 मई, 16199, 1997, 18196
- 10 मई, 14167, 1259, 15426
- 11 मई, 14344, 922, 15266
दुकानों में पर्यटकों के बैग रखने पर लगे पाबंदी
ताजगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश राठौर ने ताजमहल के समीप स्थित दुकानों व एंपोरियम में पर्यटकों के सामान को रखे जाने पर सख्ती किए जाने की मांग पुलिस-प्रशासन से की है। राजेश राठौर ने कहा कि, लालच के चलते दुकानदार व एंपोरियम संचालक बिना उचित जांच के पर्यटकों के बैग रख लेते हैं। इस पर रोक लगाई जानी चाहिए। यह ताजमहल की सुरक्षा के लिए खतरा साबित हो सकते हैं।