फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग, मुंबई क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, बाह का एक और युवक गिरफ्तार
फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बाह, आगरा से एक और युवक प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी को आगरा-इटा ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, बाह (आगरा)। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस ने बाह क्षेत्र से एक और युवक को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया गया है कि प्रदीप कुमार पुत्र राम सिंह जाटव निवासी नई बस्ती पक्की तलैया, अशोक नगर बाह को मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने आगरा-इटावा रोड स्थित छदामी मठ के पास से दबोच लिया। टीम उसे हिरासत में लेकर अपने साथ मुंबई के लिए रवाना हो गई है।
आरोपी का नाम रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना में सामने आया था, जिसके बाद से मुंबई पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। काफी समय से लोकेशन ट्रेस करने के बाद क्राइम ब्रांच टीम ने बाह पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी इस पूरे मामले में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा। इस मामले में पूर्व में रितिक, सनी, दीपक, विष्णु, सनी तथा गोलू को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। इन युवकों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया गया है।