Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आग से धधका चंबल सेंचुरी का बीहड़, जान बचाने के लिए भागे जानवर; कई छोटे पशु जिंदा जले

    By Satyendra Kumar Dubey Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Thu, 09 Apr 2026 07:58 PM (IST)

    खेड़ा राठौर थाना क्षेत्र स्थित चंबल सेंचुरी के बीहड़ों में गुरुवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग ने करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैले जंगल को अपनी ...और पढ़ें

    चंबल के बीहड़ में धधकती आग।

    चंबल के बीहड़ में धधकती आग।

    HighLights

    1. एक किलोमीटर जंगल जला, छोटे जीव-जंतु मरे।

    2. वन विभाग, पुलिस, ग्रामीणों ने आग बुझाई।

    संवाद सूत्र, जैतपुर (आगरा)। खेड़ा राठौर थाना क्षेत्र स्थित चंबल सेंचुरी के बीहड़ों में गुरुवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैले जंगल को अपनी चपेट में ले लिया।

    आग की लपटों में सूखी घास, झाड़ियां और दाव-फूस जलकर पूरी तरह खाक हो गए। इस दौरान बीहड़ में रहने वाले छोटे-छोटे जीव-जंतु आग की भेंट चढ़ गए, जबकि कई जानवर जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए।

    घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उनके साथ उपनिरीक्षक राहुल जादौन और पुलिस बल भी सक्रिय हो गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के ग्रामीण भी मदद के लिए आगे आए और आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए।

    करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग, पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा नुकसान होने से टल गया, हालांकि जंगल का एक बड़ा हिस्सा झुलस गया।

    वन क्षेत्राधिकारी कुलदीप सहाय पंकज ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

    प्रशासन ने क्षेत्रीय लोगों से अपील की है कि जंगलों में आग से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, क्योंकि गर्मी के मौसम में छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

    खबरें और भी