सड़क निर्माण में गड़बड़ी करने वाले अधिकारी जाएंगे जेल, आगरा में CM योगी ने समीक्षा बैठक में दिखाई सख्ती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में विकास कार्यों की समीक्षा की, जहां उन्होंने सड़क व निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की सख्त चेता ...और पढ़ें
HighLights
निर्माण गुणवत्ता में लापरवाही पर इंजीनियर-ठेकेदार को जेल।
ओवरलोड डंपरों से सड़कों के नुकसान की भरपाई होगी।
खेरिया एयरपोर्ट और आगरा मेट्रो समय पर पूरे हों।
जागरण संवाददाता, आगरा। कमिश्नरी सभागार में बैठक करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को सख्त अंदाज में दिखे। उन्होंने कहा कि सड़कों और विभिन्न योजनाओं में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। घटिया निर्माण पर इंजीनियर-ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेज जाएगा।
राजस्थान से प्रदेश में आने वाले भारी डंपरों (ओवरलोडिंग वाले वाहन) से टूट रही ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों को चिन्हित किया जाए। सड़कों का हर्जाना डंपर संचालकों से वसूला जाए। सीएम ग्रिड योजना सहित अन्य में जो भी कार्य हो रहे हैं। रोड कटिंग के बाद हर हाल में मरम्मत ठीक तरीके से होनी चाहिए।
विकास कार्यों की बाधाओं को दूर किया जाए। सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी में वादों की ठीक तरीके से पैरवी होनी चाहिए। खेरिया एयरपोर्ट और आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट का कार्य तय सीमा पर पूरा होना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर 1.45 बजे शहर पहुंचे। कमिश्नरी सभागार में लोक निर्माण विभाग के पुराने और नए कार्यों, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेरिया एयरपोर्ट के विस्तार और सिविल एन्क्लेव या फिर पुलों के निर्माण में जो भी अड़चन आ रही है। उसे समय पर दूर कराना जरूरी है। इस कार्य में देरी या फिर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अगर वाद सुप्रीम कोर्ट या फिर एनजीटी में है तो उसकी प्रभावी तरीके से पैरवी होनी जरूरी है। विकास कार्य बंद नहीं होने चाहिए। अनुभवी अधिवक्ताओं का पैनल बनाकर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। जहां सड़क निर्माण में पुराने पेड़ आ रहे हैं। उस भूमि को छोड़कर बाकी हिस्से के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगरा मेट्रो शहर है।
खबरें और भी
पानी, सड़क, सीवर और सुंदरीकरण व अन्य मूलभूत सुविधाओं की कार्य योजना बनाई जानी चाहिए। मेट्रो सिटी के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। केंद्रीय पंचायतीराज राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी, जयवीर सिंह, लक्ष्मी नारायण, योगेंद्र उपाध्याय, बेबी रानी मौर्य, सांसद राजकुमार चाहर मौजूद रहे।
अवैध खनन पर लगाएं रोक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पड़ोसी राज्यों से अवैध खनन होने और बेसहारा पशुओं के आने की शिकायतें मिल रही हैं। दोनों पर ही प्रभावी तरीके से रोक लगाई जानी चाहिए। मध्य प्रदेश और राजस्थान के अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्रवाई होनी चाहिए।
परिक्रमा मार्ग में तकनीक का प्रयोग जरूरी
बैठक में गोवर्धन परिक्रमा मार्ग की खराब हालत का भी मुद्दा उठा। मुख्यमंत्री ने परिक्रमा मार्ग को उच्च प्राथमिकता पर लेने के निर्देश दिए। कहा कि परिक्रमा मार्ग का तकनीक का प्रयोग करते हुए सड़क का निर्माण किया जाए। परिक्रमार्थियों के पैरों में छाले न पड़ें, उन्हें असुविधा न हो।