आगरा में जिप लाइन हादसा, लाॅक लगाने में लापरवाही से गई किशोर की जान; मैनेजर और सेफ्टी इंचार्ज को जेल
आगरा की चौपाटी में जिप लाइन हादसे में किशोर कुणाल अग्रवाल की मौत कर्मचारियों की लापरवाही से हुई, जिन्होंने सेफ्टी लॉक ठीक से नहीं लगाया था। पुलिस ने म ...और पढ़ें

आगरा की चौपाटी में जिप लाइन, जहां हादसा हुआ।
जागरण संवाददाता, आगरा। चौपाटी में जिप लाइन पर हादसा कर्मचारियों की लापरवाही से हुआ था। कर्मचारियों ने कुणाल अग्रवाल का सेफ्टी लाॅक ठीक तरीके से नहीं लगाया था। कुणाल 45 फीट ऊंची जिप लाइन पर एक मीटर भी नहीं चल पाया, तभी लाॅक खुल गया और हादसा हो गया।
पिता की तहरीर पर ताजगंज पुलिस ने ईओडी कंपनी के मालिक, सेफ्टी इंचार्ज और मैनेजर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए मैनेजर और सेफ्टी इंचार्ज को पुलिस ने सोमवार को न्यायालय में पेश किया, वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
सुरक्षा की दृष्टि से फिलहाल चौपाटी को बंद करा दिया गया है। ताजनगरी में विकास प्राधिकरण की ओर से विकसित की गई चौपाटी में रविवार को फिरोजाबाद के उत्तर थाना क्षेत्र के आर्यनगर गली नंबर 15 निवासी चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल अपनी पत्नी पत्नी रिंकी, 15 वर्षीय बेटे कुणाल और 13 वर्षीय मयंक के साथ आए थे।
शाम पौने छह बजे कुणाल की जिप लाइन से गिरकर मृत्यु हो गई थी। पिता की ओर से चौपाटी में एडवेंचर स्पोर्ट्स कराने वाली कंपनी के मालिक, मैनेजर और सेफ्टी इंचार्ज के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था।
खबरें और भी
गिरफ्तार किए गए मैनेजर संतोष कुमार दुबे निवासी डिफेंस कालोनी सदर व सेफ्टी मैनेजर अभिषेक निवासी घरौली शिव मंदिर चौक गाजीपुर दिल्ली को ताजगंज पुलिस ने सोमवार को न्यायालय में पेश किया, यहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस की जांच में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। शुरुआती जांच में आया है कि प्लेटफार्म पर पहुंचे कुणाल को सेफ्टी बेल्ट बांधने के बाद लाक को ठीक तरीके से नहीं लगाया गया था। कुणाल प्लेटफार्म से जैसे आगे बढ़ा, लाक खुल गया और वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
जिस समय कुणाल जिप लाइन एक्टिविटी कर रहा था, छोटा भाई मयंक नीचे खड़ा होकर वीडियो बना रहा था। घटना उसके मोबाइल में रिकार्ड हो गई। वीडियो सोमवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों की लापरवाही से हादसा हुआ है। मैनेजर और सेफ्टी इंचार्ज को न्यायालय से जेल भेजा गया है।
वीडियो में गिरता नजर आ रहा है कुणाल
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए 17 सेकेंड का वीडियो हादसे में करने वाले कुणाल के छोटे भाई मयंक ने बनाया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि कुणाल जिप लाइन के प्लेट फार्म पर खड़ा हुआ है। इसके अलावा पांच अन्य लोग भी खड़े हुए हैं। कर्मचारी लाॅक लगाकर जैसे ही कुणाल को आगे की ओर धकेलता है, वह नीचे की ओर सीधा गिरता है।
नीचे लगे जाल पर उछलने के बाद वह सिर के बल जमीन पर गिरता है। वीडियो में सुनाई दे रही महिला की आवाज कुणाल की मां रिंकी अग्रवाल की बताई जा रही है। जो वीडियो बना रहे मयंक से कैमरा जूम करने पर कह रही हैं कि इतना नहीं, ऐसे साफ नहीं आएगा। पास में चले जाओ, इसके बाद हादसा होता देख उनकी चीख निकल जाती है।