आगरा में युवक को तालीबानी सजा, रस्सी से बांधा और फेंके पत्थर; डौकी का वीडियो हो रहा वायरल
आगरा के डौकी क्षेत्र में एक युवक को तालिबानी सजा दिए जाने का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उसे पत्थर मारे गए, रस्सी से बांधकर घसीटा गया और डंडे से पी ...और पढ़ें

डौकी में युवक को रस्सी से बांधकर पीटते लोग। वीडियो ग्रैब
संवाद सूत्र, फतेहाबाद (आगरा)। आगरा में युवक को तालीबानी सजा दिए जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल डौकी क्षेत्र में एक युवक को पत्थर मारे गए। इसके बाद उसे रस्सी से बांधकर खींचा और डंडे से भी पीटा। राहगीरों ने बर्बरता का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया, लेकिन पुलिस तक कोई शिकायत नहीं पहुंची है।
वीडियो के आधार पर पुलिस मारपीट करने वाले और पीड़ित युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मंगलवार शाम सोशल मीडिया पर दो वीडियो प्रसारित हुए। इनमें से एक वीडियो 3.16 मिनट और दूसरा 16 सेकंड का है। वीडियो में एक महिला टीशर्ट पहने युवक को पीटते हुए दिख रही है। वह गाली गलौज भी कर रही है। इसके बाद महिला के साथ कुछ युवक भी आते हैं और वे भी मारपीट करते हैं।
युवक को रस्सी से बांधकर घसीटते हैं। थोड़ी देर बाद महिला डंडा लेकर आती है और युवक के सिर में डंडा मारती है। वीडियो बनाने वाले राहगीर वीडियो में बोल रहे हैं कि युवक दुकान पर सामान लेने आया था। उसको बर्बरता से पीटा जा रहा है। जबकि उसका कोई दोष नहीं है।
थाने के सामने महिला और उसके साथ युवक दबंगई कर रहे हैं। एसओ डौकी सुनीत शर्मा का कहना है कि मामले में कोई शिकायत थाने में नहीं आई है। वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले और पीड़ित युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।