आगरा में नगर परिक्रमा, रविवार शाम ट्रैफिक प्लान देखकर वैकल्पिक मार्गों को ही चुनें आने जाने को
आगरा में श्रावण मास के दूसरे सोमवार को बल्केश्वर महादेव मंदिर पर मेले और कांवड़ यात्रा के कारण रविवार शाम 4 बजे से यातायात में बदलाव किया गया है। भारी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को बल्केश्वर महादेव मंदिर पर मेला आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कांवड़ यात्रा और नगर परिक्रमा में हजारों श्रद्धालु रविवार शाम से ही निकलेंगे। यदि आप शाम चार बजे के बाद घर से निकल रहे हैं, तो यातायात पुलिस द्वारा किए गए मार्ग परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
रविवार शाम चार बजे के बाद शहर में कोई भी भारी वाहन प्रवेश नहीं करेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दिल्ली और फिरोजाबाद की ओर से आने वाले वाहन परिवर्तित मार्ग से गुजरेंगे। डीसीपी यातायात सोनम कुमार ने बताया कि रविवार शाम चार बजे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रैपुरा जाट दक्षिणी बाइपास से कुबेरपुर कट के बीच भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पूर्व में जारी सभी नो-एंट्री पास और अनुमति पत्र निरस्त माने जाएंगे। दिल्ली और मथुरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मथुरा पुलिस द्वारा टाउनशिप चौराहा (रिफाइनरी) से गोकुल बैराज और उत्तरी बाइपास होकर यमुना एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ा जाएगा।
फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले भारी वाहन कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे। मथुरा से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन रैपुरा जाट, दक्षिणी बाइपास, रोहता नहर, दिगनेर मार्ग और इनर रिंग रोड से गुजरेंगे।
बाहरी मार्ग परिवर्तन के तहत
- ग्वालियर से हाथरस, फिरोजाबाद और एटा जाने वाले वाहन रोहता नहर, दिगनेर पुलिया, तोरा, रमाडा और इनर रिंग रोड से कुबेरपुर एवं एत्मादपुर होकर जाएंगे।
- जयपुर से आने वाले वाहन महुअर कट से दक्षिणी बाइपास, ग्राम बाद, रोहता नहर, दिगनेर पुलिया और इनर रिंग रोड से जाएंगे।
- हाथरस और जलेसर (एटा) की ओर से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन खंदौली, मुड़ी चौराहा और एत्मादपुर से एनएच-19 होकर जाएंगे।
शहर के अंदर मार्ग परिवर्तन में
- वाटरवर्क्स चौराहा से जीवनी मंडी मार्ग, गधापाडा से जीवनी मंडी, और पालीवाल पार्क से जीवनी मंडी की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा।
- छीपीटोला से एसबीआई तिराहा, पीडब्ल्यूडी, साईं की तकिया से रावली मंदिर, और कलक्ट्रेट तिराहा से तहसील चौराहे की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा।
- तहसील चौराहा से भोगीपुरा, भोगीपुरा से पृथ्वीनाथ फाटक और रामनगर की पुलिया से मारुति एस्टेट, शंकरगढ़ की पुलिया की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा।
हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
आगरा से मथुरा जाने वाले हल्के वाहन गुरुद्वारा गुरु का ताल आरओबी से भावना टावर, पानी की टंकी तिराहा, करकुंज चौराहा, कारगिल पेट्रोल पंप, पश्चिमपुरी चौराहा, शास्त्रीपुरम आरओबी से एनएच-19 पर निकलेंगे।
खबरें और भी
मथुरा से आगरा और फिरोजाबाद जाने वाले हल्के वाहन फल मंडी सिकंदरा अंडरपास से यू-टर्न लेकर आसाराम बापू आश्रम के सामने रेलवे ओवरब्रिज से यूपीएसआईडीसी मार्ग, करकुंज चौराहा, मदिया कटरा से आरबीएस और हरीपर्वत चौराहा होकर भगवान टाकीज जाएंगे।
हेल्पलाइन नंबर 9554457886
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सिंह ने बताया कि मार्ग परिवर्तन की अवधि के दौरान एंबुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन वाहनों को बिना किसी बाधा के निकाला जाएगा। आपात स्थिति में यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9554457886 पर संपर्क कर सकते हैं।