Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा में खतरे के निशान को छूने को बेताब यमुना, 23 गांवों को किया सतर्क; प्रशासन ने की तैयारी

    By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Sat, 08 Aug 2026 07:35 PM (IST)

    आगरा में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है, जिससे जिला प्रशासन ने 23 गांवों को सतर्क कर दिया है। लगातार बारिश और बैराजों से पानी ...और पढ़ें

    आगरा के बलकेश्वर में पार्वती घाट पर यमुना का जलस्तर।

    आगरा के बलकेश्वर में पार्वती घाट पर यमुना का जलस्तर।

    जागरण संवाददाता, आगरा। नई दिल्ली, हरियाणा में लगातार हो रही बरसात के चलते यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को नदी के जलस्तर में एक मीटर की बढ़ोतरी हुई। जलस्तर 149.30 मीटर पर पहुंच गया। यमुना खतरे के निशान 152 मीटर को छूने को बेताब है। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने 23 गांवों के हजारों लोगों को सतर्क कर दिया गया है।

    नदी के किनारे से दूर रहने के लिए कहा गया है। डेढ़ दर्जन बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। मुनादी कराई जा रही है। सबसे अधिक परेशानी गोकुल बैराज और हथिनीकुंड से लगातार तेजी से छोड़े जा रहे पानी से है। सप्ताहभर पूर्व यमुना नदी का जलस्तर 144 मीटर था। लगातार हो रही बरसात के चलते जलस्तर में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होती रही

    गोकुल बैराज से पूर्व में 15 हजार क्यूसेक और हथिनीकुंड बैराज से 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। 72 घंटे के भीतर गोकुल से 20 हजार और हथिनी कुंड से 43 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार शाम यमुना का जलस्तर 149.30 मीटर पर पहुंच गया। जीवनी मंडी वाटरवर्क्स पर यमुना का लो फ्लड लेवल 152 मीटर है।

    हथिनीकुंड से तेजी से छोड़ा जा रहा पानी 11 अगस्त को शहर पहुंचेगा। ऐसे में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। तहसील सदर के 15 और फतेहाबाद के आठ गांवों के ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। नदी के किनारे से दूर रहने के लिए कहा गया है। तहसील प्रशासन द्वारा लगातार मुनादी कराई जा रही है।

    खबरें और भी

    नालों के बैक मारने से शहर में खड़ी हो जाएगी परेशानी

    यमुना नदी का लो फ्लड लेवल 152 मीटर है। अगर नदी का जलस्तर इतने में पहुंच जाएगा तो इसका असर नालों पर भी पड़ेगा। मंटोला, जीवनी मंडी, हाथी घाट, बल्केश्वर, दयालबाग सहित अन्य नालों पर पड़ेगा। लगातार बरसात होने के चलते नालों का पानी ठीक तरीके से नहीं निकल पाएगा। ऐसे में विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की समस्या और भी बढ़ जाएगी।

    लो फ्लड लेवल पर प्रभावित होने वाले क्षेत्र और गांव 

    • तहसील सदर : शहरी क्षेत्र में नगला बूढ़ी, अमर विहार, दयालबाग, मोतीमहल, कटरा वजीर खां, रामबाग, अप्सरा टाकीज यमुना किनारा रोड से वेदांत मंदिर होते हुए आगरा फोर्ट के पास तक। गांवों में तनौरा, नूरपुर, मेहरा, नाहरगंज, विसारना, कैलाश, स्वामीबाग।
    • तहसील फतेहाबाद : भरापुर, बमरौली, ईदौन, मडयना, मेवलीकलां, गुडा, मेवली खुर्द, हिमायूपुर

    यमुना नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। सभी एसडीएम को सतर्क कर दिया गया है। मुनादी कराई जा रही है। नदी के किनारे से लोग दूर रहें। बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है।

    -

    मनीष बंसल, डीएम