आगरा नगर निगम हाउस टैक्स रूम में लगी भीषण आग, बिल बुक और फाइलें खाक
आगरा नगर निगम के हाउस टैक्स विभाग के कमरा नंबर 101 में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे बिल ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, आगरा। नगर निगम के हाउस टैक्स विभाग में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कमरा नंबर 101 में सुबह 9:30 बजे लगी आग ने देखते ही देखते फर्नीचर और अभिलेखों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना के दौरान कमरे में कुछ कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद थे, जिन्हें बाहर निकाल लिया गया। आग की चपेट में आने से दो कुर्सियां और एक मेज पूरी तरह जल गईं, जबकि कमरे में बने एक केबिन को भी नुकसान पहुंचा है। सबसे अहम बात यह है कि कमरा नंबर 101 में हाउस टैक्स कलेक्शन से संबंधित बिल बुक और फाइलें रखी जाती हैं।
आग में बड़ी संख्या में हाउस टैक्स की बिल बुक जल गईं। इसके अलावा एक अलमारी में रखी कुछ फाइलें भी आग की चपेट में आ गईं।
आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कमरे को खाली करा दिया गया। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कराया है।
हाउस टैक्स से जुड़े अभिलेखों के जलने के बाद अब यह भी जांच का विषय है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और कमरे में अग्निशमन सुरक्षा के क्या इंतजाम थे। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है।
