आगरा के जयराम बाग में फिर धंसी सड़क, हो गया छह फीट गहरा गड्ढा; स्कूटी सवार बाल-बाल बचा
आगरा के जयराम बाग में सड़क धंसने से छह फीट गहरा गड्ढा हो गया, जिसमें स्कूटी सवार बाल-बाल बचा। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण और सीवर लाइन में लापरवाही ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, आगरा। जयराम बाग दयालबाग में रविवार सुबह सड़क धंस गई, स्कूटी चालक बाल- बाल बच गया। छह फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सड़क निर्माण और सीवर लाइन डालने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। शाम को टीम पहुंच गई और गड्ढे में गिट्टी भर दी गई।
जयराम बाग, दयालबाग में सुबह सड़क धंसने लगी, स्कूटी सवार वहां से निकले, उनके निकलते ही सड़क धंसने से गड्ढा हो गया। स्थानीय लोगों ने गड्ढे के आस पास ईंट और पत्थर रख दिए। कुछ देर बाद ही छह फीट चौंडा और 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों तरफ का रास्ता बंद कर दिया।
स्थानीय लोगों ने सीवर लाइन डालने के बाद सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसके बाद भी जलकल और नगर निगम कर्मी मरम्मत के लिए नहीं आए। शाम को टीम ने पहुंचकर गड्ढे को भरा। इससे पहले कमला नगर कर्मयोगी सहित पांच जगहों पर सड़क धंसने से गड्ढे हो गए थे।
शहरभर में यही हाल है, सीवर और जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई गई लाइनों के चलते सड़कें खोखली हो चुकी हैं। इससे पहले लोहामंडी आलमगंज रोड का भी यही हाल हुआ है। वह भी कई जगहों से धंस चुकी है। कॉलोनियों के अंदर बिछाई गई सड़कें भी बारिश में दम तोड़ चुकी हैं।