आगरा: सिरसागंज विधायक का जलाभिषेक में हस्तक्षेप, बटेश्वर में भड़क उठे कांवड़िए, मंदिर परिसर में चले लाठी-डंडे और पथराव
श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर बटेश्वर मंदिर में जलाभिषेक की व्यवस्था को लेकर विवाद हो गया। सिरसागंज विधायक द्वारा कुछ कांवड़ियों को पीछे के गेट से प्र ...और पढ़ें

मंदिर के बाहर कांवड़ियों में होती झड़प।
HighLights
बटेश्वर मंदिर परिसर में कांवड़ियों के बीच झड़प, पथराव।
सुरक्षाकर्मी, पुलिसकर्मी और कई कांवड़िए घायल हुए।
संवाद सूत्र, बटेश्वर (आगरा)। श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक की व्यवस्था को लेकर विवाद हो गया। मंदिर के पीछे के गेट से अपने क्षेत्र के कुछ कांवड़ियों को सिरसागंज (फिरोजाबाद) के विधायक ने जलाभिषेक कराने का प्रयास किया। जिससे वहां घंटों से कतार में लगे डाक कांवड़िए भड़क गए।
विरोध के बाद मंदिर परिसर में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चलने के साथ ही पथराव हो गया। विवाद में मंदिर के सुरक्षा गार्ड, पुलिसकर्मी और कई कांवड़िए घायल हो गए। मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गयी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति को संभाला। जलाभिषेक को सुचारू कराया।
हालांकि पुलिस ने मंदिर परिसर में लाठी-डंडे चलने और लोगों के घायल होने की घटना से इन्कार किया है। घटना रविवार की रात एक बजे की है। थाना पिढ़ौरा के गांव रीठई से आए डांक कांवड़िए जलाभिषेक के लिए काफी देर से कतार में खड़े थे। इसी दौरान सिरसागंज विधायक सर्वेश यादव पूजा-अर्चना के लिए बटेश्वर पहुंचे।
आरोप है कि उनके साथ मौजूद गनर नरेन्द्र यादव सिरसागंज से आए कुछ कांवड़ियों को भीड़ के चलते पीछे के गेट से जलाभिषेक करा रहे थे। यह देखकर रीठई के कांवड़ियों ने इसका विरोध कर दिया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद हाथापाई और मारपीट होने लगी। मंदिर परिसर में लाठी-डंडे चलने से वहां मौजूद श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी।
खबरें और भी
विवाद की जानकारी होने पर बाह सर्किल का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रभारी निरीक्षक बाह डीपी तिवारी, बटेश्वर चौकी प्रभारी इंद्र कुमार समेत पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को अलग करके स्थिति को संभाला। कांवड़ियों को दोबारा कतार में लगाकर बारी-बारी से जलाभिषेक कराया।
विवाद में मंदिर परिसर में तैनात एक सुरक्षाकर्मी शिवा की हाथ की अंगुली में फ्रैक्चर हो गया। निक्की के सिर में चोट लगी, जबकि मंदिर के उप प्रबंधक बिट्टू भदौरिया भी घायल हुए हैं। रीठई के कांवड़िये जितेंद्र, चंद्रभान, मानसिंह, रमेश, सोनू, सचिन, अंकित और मयंक समेत फिरोजाबाद के एक अन्य कांवड़िये के घायल होना बताया गया है।
वहीं कांवड़ियों ने पुलिस और मंदिर स्टाफ पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। दरोगा सतेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों के भी घायल होना बताया गया है। मंदिर प्रबंधक अजय भदौरिया के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है। कुछ कांवड़िए पीछे के गेट से जलाभिषेक कराने का प्रयास कर रहे थे। व्यवस्था बनाए रखने के दौरान विवाद की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति संभाल ली।
मंदिर प्रशासन द्वारा रात 12 बजे मंदिर के पट खुलने पर सबसे पहले जल चढ़ाने को लेकर दो पक्ष में विवाद की सूचना दी गयी थी। मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल समझाकर स्थिति को नियंत्रित में कर लिया। मामले में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गयी है। लाठी-डंडे चलने और लोगों के घायल होने की बात गलत है।
अभिषेेक अग्रवाल, डीसीपी पूर्वी जाेन