दो हिस्सों में बंट गया बटेश्वर में बना पांटून पुल, यमुना नदी में समाई हाइड्रा मशीन; चालक ने कूदकर बचाई जान
बटेश्वर में यमुना नदी पर बना पांटून पुल एक स्टीमर को निकालने के दौरान अत्यधिक भार से टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में एक हाइड्रा मशीन नदी में स ...और पढ़ें

पोंटून ब्रिज टूटने से यमुना में समाई हाइड्रा मशीन।
HighLights
स्टीमर निकालने के दौरान अत्यधिक भार से पुल क्षतिग्रस्त हुआ।
एक हाइड्रा मशीन नदी में समाई, चालक ने कूदकर जान बचाई।
संवाद सूत्र, बटेश्वर (आगरा)। तीर्थ धाम बटेश्वर में बुधवार को यमुना नदी पर बने पांटून (पीपों के) पुल पर बड़ा हादसा हो गया। एक बड़े सवारी स्टीमर को निकालने के दौरान अत्यधिक भार पड़ने से पुल का मुख्य जोड़ टूट गया और पुल दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में एक हाइड्रा मशीन यमुना नदी में समा गई, जबकि चालक ने समय रहते नदी में छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे दो हाइड्रा मशीनों की मदद से एक बड़े सवारी स्टीमर को यमुना से निकालकर किनारे लाने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अधिक भार पड़ने से पांटून पुल का संतुलन बिगड़ गया और मुख्य जॉइंट के मजबूत बोल्ट टूट गए। देखते ही देखते पुल दो भागों में बंट गया और एक हाइड्रा मशीन नदी में गिर गई।
हाइड्रा चालक श्याम यादव ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मशीन के नदी में समाने से पहले छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं राहगीर घटनास्थल पर जुट गए।
ठेकेदार ने बताया कि सवारी स्टीमर का इंजन बदलने के लिए उसे इस पार लाया जा रहा था। इसी प्रक्रिया के दौरान हादसा हो गया। दुर्घटना में पांटून पुल को भारी क्षति पहुंची है। पुल क्षतिग्रस्त होने से यमुना पार बसे कल्याणपुर और भरतार समेत आसपास के गांवों का आवागमन दिनभर बाधित रहा।
खबरें और भी
ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ी। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुल की मरम्मत तथा नदी में समाई हाइड्रा मशीन को बाहर निकालने की कवायद शुरू कर दी। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।