विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उलटफेर का शिकार हुए नोवाक जोकोविक, जैक ड्रेपर ने इंडियन वेल्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट में हराया

Published: Thu, 12 Mar 2026 11:47 PM (IST)

जैक ड्रेपर ने इंडियन वेल्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट के चौथे दौर में पांच बार के चैंपियन नोवाक जोकोविक को 4-6, 6-4, 7-6 (5) से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

नोवाक जोकोविक को 4-6, 6-4, 7-6 (5) से हराया।

नोवाक जोकोविक को 4-6, 6-4, 7-6 (5) से हराया।

HighLights

  1. जैक ड्रेपर ने शानदार वापसी की 

  2. ड्रेपर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए

  3. दानिल मेदवेदेव से होगा सामना 

इंडियन वेल्स, एपी/रायटर। डिफेंडिंग चैंपियन जैक ड्रेपर ने इंडियन वेल्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट के चौथे दौर में पांच बार के चैंपियन नोवाक जोकोविक को 4-6, 6-4, 7-6 (5) से हराकर बड़ा उलटफेर किया। 24 वर्षीय ड्रेपर इस जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए।

अब उनका सामना दानिल मेदवेदेव से होगा, जिन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में एलेक्स मिशेलसन को 6-2, 6-4 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। तीसरे सेट में जोकोविच 6-5 से आगे थे, लेकिन ड्रेपर ने शानदार वापसी करते हुए मैच को टाईब्रेक तक पहुंचा दिया और आखिरकार मुकाबला अपने नाम कर लिया।

ड्रेपर ने कहा कि मुझे अभी भी नहीं लगता कि मैं वैसा खेल रहा हूं जैसा खेलना चाहता हूं। लेकिन मैं यहां आया और अपने जज्बे के दम पर यह मैच जीत लिया। इंडियन वेल्स में पिछले साल खिताब जीतने के अलावा ड्रेपर ने 2024 में स्टटगार्ट ओपन और वियना ओपन भी जीते थे। 38 वर्षीय जोकोविक ने इंडियन वेल्स में 2008, 2011, 2014, 2015 और 2016 में खिताब जीता था। इस साल वह ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपना 11वां खिताब जीतने के करीब पहुंचे थे, लेकिन फाइनल में कार्लोस अलकराज से हार गए।

वहीं, विश्व नंबर एक कार्लोस अलकराज ने इंडियन वेल्स में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए नार्वे के कैस्पर रूड को 6-1, 7-6(2) से हराया। अलकराज ने लगभग बेहतरीन सर्विस गेम के दम पर मैच पर पूरी पकड़ बनाई। उन्होंने रूड की सर्विस तीन बार तोड़ते हुए सिर्फ 37 मिनट में पहला सेट आसानी से अपने नाम कर लिया। 13वीं वरीयता प्राप्त रूड ने दूसरे सेट में बेहतर खेल दिखाया और मैच को टाईब्रेक तक पहुंचाया, लेकिन अल्काराज ने दबाव बनाए रखते हुए सीजन की लगातार 15वीं जीत दर्ज की और लगातार पांचवीं बार क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

अब अल्काराज का सामना 2021 के चैंपियन कैमरन नारी से होगा, जिन्होंने पहले मुकाबले में आस्ट्रेलिया के रिंकी हिजिकाता को 6-4, 6-2 से हराया। स्पेनिश खिलाड़ी पिछले साल पेरिस मास्टर्स में नारी से मिली हार का बदला लेने की कोशिश करेंगे।

स्वियातेक-पेगुला क्वार्टर फाइनल में

महिला वर्ग में दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी इगा स्वियातेक ने चेक गणराज्य की 13वीं वरीयता प्राप्त करोलिना मुचोवा को 6-2, 6-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने लगातार 10 गेम जीतते हुए मुचोवा के विरुद्ध अपनी पांचवीं जीत हासिल की। पिछले साल भी उन्होंने इसी चरण में मुचोवा को हराया था।
वहीं, अमेरिका की पांचवीं वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने बेलिंडा बेनसिच को 6-3, 7-6(5) से हराकर पांच मुकाबलों में उनके विरुद्ध पहली जीत दर्ज की। जेलिना ओस्टापेंको पर रोमांचक जीत के बाद उतरी पेगुला ने पहले सेट पर कब्जा जमाया, जो स्विस खिलाड़ी के विरुद्ध उनका पहला सेट था। इसके बाद उन्होंने कड़े मुकाबले वाले टाईब्रेक में जीत हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया।

भांबरी पहली बार एटीपी मास्टर्स 1000 के सेमीफाइनल में

भारत के युकी भांबरी ने स्वीडन के अपने साथी गोरान गोरानसन के साथ मिलकर सीधे सेटों में जीत दर्ज करके इंडियन वेल्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह पहला अवसर है जबकि भांबरी किसी एटीपी मास्टर्स 1000 टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।

इससे पहले वह दो बार मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक पहुंच चुके थे। भांबरी और गोरानसन ने क्वार्टर फाइनल में आस्टि्रया के एलेक्जेंडर एरलर और इटली के एंड्रिया वावस्सौरी को सीधे सेटों में 6-3, 7-6 से हराया। यह मैच एक घंटे 30 मिनट से अधिक समय तक चला। भांबरी और गोरानसन शुक्रवार को सेमीफाइनल में फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेच और मोनाको के वैलेंटीन वाचेरोट से भिड़ेंगे।