सरकार क्यों बढ़ा रही है Umang-DigiLocker का दायरा? जानिए क्या है नया और आम जनता को क्या होगा फायदा
केंद्र सरकार डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करते हुए Umang और DigiLocker प्लेटफॉर्म्स का लगातार विस्तार कर रही है। 31 जुलाई तक Umang पर 2,575 सरकारी सर्विसेज और DigiLocker पर 5,437 तरह के डॉक्यूमेंट्स और सर्विसेज जोड़ी जा चुकी हैं।

Umang और DigiLocker का विस्तार क्यों कर रही है सरकार। Photo- ChatGPT.
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार Umang और DigiLocker प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नई सर्विसेज और डॉक्यूमेंट्स जोड़ रही है। 31 जुलाई तक Umang पर 2,575 सर्विसेज और DigiLocker पर 5,437 तरह के डॉक्यूमेंट्स और सर्विसेज जोड़ी जा चुकी हैं। आइए विस्तार से समझते हैं कि ये विस्तार क्यों किया जा रहा है और इसमें नया क्या है।
Umang-DigiLocker पर कौन से नए फीचर्स मिल सकते हैं?
सरकार ने इस प्लेटफॉर्म से कई नए विभागों और राज्यों की सर्विसेज को जोड़ने की योजना बनाई है। हाल ही में बिजली बिल, फैमिली ID, आयुष्मान भारत PM-JAY कार्ड, कुछ राज्यों के एडमिट कार्ड और मार्कशीट, बैंक स्टेटमेंट, TDS/ब्याज सर्टिफिकेट और इंश्योरेंस पॉलिसी डॉक्यूमेंट्स जैसी सुविधाएं इसमें जोड़ी गई हैं।
Umang में विस्तार का क्या मतलब है?
नए सरकारी विभागों के जुड़ने से अब आवेदन, बिल पेमेंट, पेंशन, स्कॉलरशिप, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और EPFO क्लेम जैसी ढेरों सर्विसेज एक ही एप के अंदर मिलती रहेंगी। अकेले फरवरी से जुलाई के बीच ही इसमें 129 नई सर्विसेज जोड़ी गई हैं।

Umang और DigiLocker में क्या अंतर है?
Umang एप पर कई सरकारी सर्विसेज के लिए आवेदन, पेमेंट और जानकारी एक ही जगह मिल जाती है। वहीं, DigiLocker आधिकारिक सरकारी डॉक्यूमेंट्स को हासिल करने, सुरक्षित स्टोर करने और डिजिटल तरीके से शेयर करने वाला एक डिजिटल वॉलेट है।
Umang पर अब कौन-कौन सी सर्विसेज उपलब्ध हैं?
Umang पर EPFO बैलेंस और क्लेम, पैन कार्ड और आधार से जुड़ी सर्विसेज, बिजली-पानी जैसे यूटिलिटी बिल, पेंशन, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। कौन सी सेवा कब उपलब्ध होगी, ये संबंधित विभाग पर निर्भर करता है।
अगर आपके पास स्मार्टफोन नहीं है तो क्या करें?
जिन लोगों के पास स्मार्टफोन नहीं है, उनके लिए कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) की सुविधा मौजूद है। 30 जून तक देश में ग्राम पंचायत स्तर पर 4.07 लाख से ज्यादा CSC काम कर रहे थे। नागरिक इन केंद्रों पर जाकर सभी डिजिटल सरकारी सर्विसेज का लाभ उठा सकते हैं।

