क्या मंदिर से वापस आकर तुरंत स्नान नहीं करना चाहिए? इसके पीछे की मान्यता के बारे में पढ़ें
मंदिर से लौटने के तुरंत बाद स्नान न करने की परंपरा के पीछे आध्यात्मिक ऊर्जा के संरक्षण और दैवीय आशीर्वाद के प्रभाव को बनाए रखने की मान्यता है।

मंदिर से लौटकर तुरंत स्नान क्यों नहीं करना चाहिए (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
मंदिर से मिली आध्यात्मिक ऊर्जा को बनाए रखने हेतु।
तुरंत स्नान से दैवीय आशीर्वाद का प्रभाव घट सकता है।
घर आकर कुछ देर शांत बैठकर ईश्वर का ध्यान करें।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में पूजा-पाठ के नियमों की ही तरह मंदिर दर्शन के भी कुछ नियम बनाए गए हैं और उनका पालन करने से दैवीय आशीर्वाद मिलता है।
ऐसा माना जाता है कि जिस समय हम मंदिर में प्रवेश करते हैं तन और मन दोनों शुद्ध होने चाहिए और मन में श्रद्धा का भाव होना चाहिए। इससे पूजा में मन भी लगता है और ईश्वर का आशीर्वाद भी मिलता है।
शरीर की शुध्दि के लिए लोग मंदिर हमेशा स्नान के बाद ही जाते हैं और प्रवेश से पहले हाथ और पैरों को पानी से धोते हैं जिससे किसी भी प्रकार की अशुध्दि मंदिर के भीतर प्रवेश न करे। वहीं मन को शुद्ध रखने के लिए मन में सकारात्मक भाव होने चाहिए जिससे पूजा का पूर्ण फल मिले।
ऐसे ही आपने कई बार घर के बड़ों को कहते हुए सुना होगा कि मंदिर से तुरंत वापस आने के बाद नहाना नहीं चाहिए। ऐसा करने से अच्छी ऊर्जा और दैवीय आशीर्वाद का प्रभाव कम हो सकता है। आइए एस्ट्रोपत्री के ज्योतिषी श्री चंद्रेश शर्मा जी से जानें कि मंदिर से लौटकर तुरंत स्नान क्यों नहीं करना चाहिए?
मंदिर से लौटकर तुरंत स्नान न करने के कारण
कई ज्योतिषीय और धार्मिक मान्यताओं की वजह से सदियों से ये परंपरा चली आ रही है कि आपको मंदिर में दर्शन के तुरंत बाद घर वापस आते ही नहाना नहीं चाहिए। आइए जानें इसके कारण क्या हैं?
आध्यात्मिक ऊर्जा से जुड़ी मान्यता
धार्मिक मान्यता के अनुसार, मंदिर में भगवान के दर्शन और पूजा के दौरान व्यक्ति को आध्यात्मिक ऊर्जा की प्राप्ति होती है। मंदिर का वातावरण बहुत शुद्ध माना जाता है।
वहां चारों तरफ मंत्रों की गूंज, घंटियों की ध्वनि और भक्ति का वातावरण होता है। इस माहौल का सीधा असर आपके शरीर और मन में पड़ता है जिससे बाहरी और आतंरिक शुद्धि होती है।
ऐसे में घर लौटने के तुरंत बाद स्नान करने से पूजा के दौरान प्राप्त ऊर्जा जल के साथ बह जाती है और आपको मंदिर में दर्शन के जो अच्छे फल मिले थे उनका प्रभाव काफी हद तक कम हो जाता है। इसलिए मंदिर से आने के बाद थोड़ी देर शांत रहने और उस सकारात्मक ऊर्जा को महसूस करना चाहिए।
शरीर के तापमान में बदलाव
मंदिर का वातावरण आमतौर पर घर की तुलना में अलग हो सकता है। कई मंदिरों में खुला और शांत माहौल होता है, जबकि कुछ मंदिरों में ज्यादा भीड़ भी होती है।
ऐसे में मंदिर से वापस घर आने के तुरंत बाद शरीर के तापमान में बदलाव हो सकता है। इस वजह से धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ कुछ वैज्ञानिक कारणों से भी आपको मंदिर से वापस आकर तुरंत न नहाने की सलाह दी जाती है। आपको घर आने के बाद कुछ समय आराम करके ही स्नान करना चाहिए।
मंदिर से लौटने के बाद क्या करें
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, मंदिर से वापस आने के बाद कुछ समय शांत बैठें और ईश्वर का ध्यान करें। आप उस माहौल का अनुभव घर पर भी करें जो आपने मंदिर परिसर में महसूस किया है। कुछ देर ध्यान करने के बाद ही आप अपनी अन्य क्रियाओं को करें, जिससे आपको मंदिर दर्शन और पूजा के पूर्ण फल मिल सकते हैं।
हालांकि, मंदिर से वापस लौटकर तुरंत स्नान करना या न करने को लेकर कोई धार्मिक नियम शास्त्रों में वर्णित नहीं है, लेकिन ज्योतिष मान्यताओं में इसे उचित नहीं माना जाता है।
यह भी पढ़ें- मंदिर से लौटते समय न करें ये गलतियां, वरना नहीं मिलेगा पूरा फल
यह भी पढ़ें- भगवान के दरबार से कभी न लौटें 'खाली हाथ', ज्योतिषी से जानिए दर्शन के बाद घर वापसी का सही तरीका
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
