यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 16, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अपनी दृष्टि को अपने लक्ष्य पर लगाएं
दृष्टि में अगर सकारात्मक भाव हो तो भूखंड का चप्पा-चप्पा हमें जन्नत नजर आता है। जीवन में अगर सफल होना है तो छोटी सोच वाले लोगों के चक्कर में न आएं, न उ ...और पढ़ें

दृष्टि में अगर सकारात्मक भाव हो तो भूखंड का चप्पा-चप्पा हमें जन्नत नजर आता है। जीवन में अगर सफल होना है तो छोटी सोच वाले लोगों के चक्कर में न आएं, न उनसे सलाह लें और न ही उनकी संगत करें। जिस तरह दूषित भोजन शरीर को अस्वस्थ बना देता है उसी तरह छोटी सोच और ओछे विचार वाले लोग मस्तिष्क को अस्वस्थ कर देते हैं। इसलिए छोटी-छोटी बातों से ऊपर उठ जाइए। अपनी दृष्टि को अपने लक्ष्य पर लगाएं। लक्ष्य आपसे दूर नहीं रहेगा। जीवन में खुशियां भी हैं, गम भी हैं। सुख भी है, दु:ख भी है। अंधेरा भी है, उजाला भी है। हम स्वयं को कर्मो के अधीन पाते हैं। अगर हम अपनी हालत बदलना चाहते हैं, तो हमें अपनी सोच के नजरिये को बदलना होगा। सकारात्मक नजरिया ही सफलता पाने की कुंजी है।
असफल व्यक्ति दो तरह के होते हैं। एक तो वे जो करते हैं, लेकिन सोचते नहीं। दूसरे वे जो सोचते रहते हैं, मगर कुछ करते नहीं। हमें अपनी जिंदगी को अच्छे सांचे में ढालने का प्रयास करना होगा। सफलता के शिखर पर पहुंचने से पहले सफलता क्या होती है, इसे अपनी सोच से अनुभव करना पड़ेगा। तभी सफलता आपके कदम चूमेगी। हर एक शख्स में कुछ न कुछ कमी होती है। जैसा पात्र मिले, उसे स्वीकार कर लेना चाहिए। हमें हर जगह पूर्णता की इच्छा नहीं रखनी चाहिए। कोई भी मानव पूर्ण नहीं होता। परिस्थितियां हर समय अनुकूल नहीं होतीं। अपनी उलझनों को सुलझाने का प्रयास करना चाहिए। जिस काम से डर लगता हो उस काम को जरूर करें। काम करने से मन का डर निकल जाएगा। समय अच्छा आने का इंतजार करके समय बर्बाद न करें। विचार मजबूत रखें। सिर्फ विचारों से सफलता नहीं मिलती, सफलता विचारों के द्वारा प्रदान किए गए मार्ग पर चलने से मिलती है। अगर आप अपनी हालत बदलने के लिए कमर कसकर तैयार हैं तो परमात्मा आपके साथ है। जीवन में जब कभी असफलता मिले तो उससे घबराएं नहीं और न ही असफलता का कारण किसी दूसरे के सिर मढ़ें। असफलता जिस कारण से मिली है उस कारण की तलाश करें और फिर उस कारण का समाधान करें।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर