2027 पंजाब विधानसभा चुनावों में सांसद अमृतपाल को 2 सीटों से चुनाव लड़ाने की तैयारी, CM मान के सामने उतरेंगे!
मनप्रीत सिंह इयाली ने दावा किया कि अमृतपाल सिंह 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव में माझा और मालवा की दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे। सीटों के नाम अभी तय नहीं हैं।

सांसद अमृतपाल सिंह।
HighLights
सांसद अमृतपाल सिंह 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
अकाली दल-वारिस पंजाब दे उन्हें दो सीटों से उतारेगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के सामने धूरी से लड़ सकते हैं।
राज्य ब्यूरो/संवाद सहयोगी, चंडीगढ/तरनतारन। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह 2027 में पंजाब विधानसभा का चुनाव दो सीटों से लड़ेंगे। अकाली दल-वारिस पंजाब दे ने उनके दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया है। पार्टी के सीनियर नेता मनप्रीत अयाली ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अमृतपाल किन दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे, इसका अंतिम फैसला पार्टी का पार्लियामेंट्री बोर्ड करेगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमृतपाल दो सीटों से ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। पार्टी के भीतर जिन चार सीटों पर चर्चा चल रही है, उनमें धूरी, खडूर साहिब, तलवंडी साबो और रामपुरा फूल शामिल हैं। इनमें धूरी को लेकर खास चर्चा है। मनप्रीत अयाली के अनुसार अमृतपाल मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी से भी चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। पार्टी सूत्रों के अनुसार अमृतपाल भी धूरी से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं।
यह भी पढ़ें- कैप्टन अमरिंदर सिंह का BJP से मोहभंग! कहा- 4 साल में कुछ नहीं मिला, कांग्रेस वापसी और चुनाव लड़ने को लेकर क्या बोले?
मालवा पर फोकस, 69 सीटों का गणित
अमृतपाल के लिए मालवा से विधानसभा चुनाव लड़ना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 69 सीटें मालवा क्षेत्र में हैं। पार्टी का मौजूदा आधार मुख्य रूप से माझा क्षेत्र में माना जाता है। ऐसे में मालवा की सीट से चुनाव लड़कर पार्टी इस क्षेत्र में अपनी मौजूदगी और संगठनात्मक आधार बढ़ाने की कोशिश कर सकती है।
धूरी से चुनाव लड़ने की स्थिति में मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ मुकाबला होने से अमृतपाल की चुनावी मुहिम को भी व्यापक चर्चा मिलने की संभावना रहेगी।
पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरेगी पार्टी
2027 का विधानसभा चुनाव अकाली दल-वारिस पंजाब दे के लिए पहला बड़ा चुनावी परीक्षा होगी। पार्टी ने अमृतपाल को पहले ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया हुआ है। हालांकि पार्टी ने अभी यह तय नहीं किया है कि कुल कितनी विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाएंगे। पार्टी की कोशिश शिरोमणि अकाली दल के पारंपरिक पंथक आधार में अपनी जगह बनाने की है।
यह भी पढ़ें- मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ पंजाब कांग्रेस के प्रदर्शन पर चला वॉटर कैनन, राजा वड़िंग हिरासत में, चन्नी नदारदद
जेल में रहते जीता था चुनाव
अमृतपाल ने 2024 का लोकसभा चुनाव जेल में रहते हुए खडूर साहिब से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीता था। उन्हें 4,04,430 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा को 2,07,310 वोट मिले।
अमृतपाल ने 1,97,120 वोट के अंतर से जीत दर्ज की थी। उस समय वह डिब्रूगढ़ जेल में बंद थे और खुद चुनाव प्रचार नहीं कर सके थे। उनके परिवार और समर्थकों ने चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभाली थी। अब 2027 में विधानसभा चुनाव में दो सीटों से उतरने का फैसला उनकी पार्टी के लिए अगली बड़ी चुनौती है।
