विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटियाला में नशा तस्करी के खिलाफ आवाज उठाना पड़ा भारी, युवक को डंडों से पीटा; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Updated: Mon, 04 May 2026 11:25 AM (IST)

पटियाला में नशा तस्करी की शिकायत करने पर युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ये AI जनरेटेड इमेज है।

ये AI जनरेटेड इमेज है।

जागरण संवाददाता, पटियाला। पटियाला के सरहिंद रोड स्थित रंजीत विहार इलाके में नशा तस्करी के खिलाफ शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज कुछ व्यक्तियों ने युवक पर डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मेजर सिंह नामक युवक ने क्षेत्र में नशा बेचने वाले कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। बताया जा रहा है कि इस शिकायत से नाराज होकर आरोपितों ने रविवार को मौका पाकर उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे घेरकर डंडों से पीटा, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को तुरंत उठाकर राजिंदरा अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है।

यह भी पढ़ें- केंद्र बनाम राज्य? पंजाब के अहम मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति मुर्मु से रूबरू होंगे राघव चड्ढा और सीएम भगवंत मान

कार्रवाई न हुई तो गलत तत्वों का मनोबल बढ़ेगा

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि यदि नशा तस्करी के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा नहीं होगी तो समाज में गलत तत्वों का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और ऐसे मामलों में पीड़ितों को सुरक्षा प्रदान की जाए।

यह भी पढ़ें- फरीदकोट में बीए के छात्र ने की खुदकुशी, सुसाइड से पहले इंस्टाग्राम पर लिखा 'मौत का पैगाम'

पुलिस ने जांच की शुरू

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह देखा जा रहा है कि हमला वास्तव में नशा तस्करी की शिकायत के चलते हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपितों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Punjab Weather: पश्चिमी विक्षोभ ने बिगाड़ा मिजाज; पंजाब में आंधी और ओलावृष्टि; मंडियों में रखा गेहूं भीगा