विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का आगाज, नितिन नवीन ने हरी झंडी दिखा किया रवाना, बिट्टू पर हमले को बताया निंदनीय

Published: Fri, 18 Sep 2026 11:35 AM (IST)Updated: Fri, 18 Sep 2026 06:32 PM (IST)

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पठानकोट से 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पांच प्रमुख संकल्प ...और पढ़ें

HighLights

  1. भाजपा ने पठानकोट से 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का शुभारंभ किया।

  2. नितिन नवीन ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई, बिट्टू पर हमले की निंदा की।

  3. यात्रा 4000 किमी तय कर 30 सितंबर को जालंधर में समाप्त होगी।

जागरण संवाददाता, पठानकोट। भारतीय जनता पार्टी की ओर से नशा मुक्त पंजाब यात्रा का भव्य शुभारंभ पठानकोट के ऐतिहासिक क्षेत्र से कर दिया गया है। इस राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत करने के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान पार्टी की ओर से नशे के खिलाफ पांच प्रमुख संकल्प लिए गए, जिनमें नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार करना, आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ना, नशे के कारोबार से आने वाले काले धन को जब्त करना, पीड़ितों का पुनर्वास व नि:शुल्क इलाज कराना तथा सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं को एकजुट कर इस लड़ाई को जन-आंदोलन बनाना शामिल है।

यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Bhav 18th September: सोना-चांदी की कीमतों में आया उछाल, गेहूं-दाल और मसालों के भी जानिए दाम

4000 किमी की दूरी तय करेगी यात्रा

यह विशाल यात्रा अगले 13 दिनों के दौरान लगभग चार हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। यात्रा का समापन 30 सितंबर को जालंधर में आयोजित होने वाली एक महारैली के साथ होगा, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब पार्टी का कोई कार्यकर्ता कोई संकल्प लेता है, तो उसे पूरा करके ही दम लेता है। उन्होंने धारा 370 को हटाने और आतंकवाद व नक्सलवाद के खिलाफ की गई ऐतिहासिक कार्रवाइयों का उदाहरण भी दिया।

बिट्टू पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा

यात्रा में शामिल होने आ रहे पार्टी पदाधिकारी रवनीत सिंह बिट्टू पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए नितिन नवीन ने विरोधियों को सीधे शब्दों में चेताया। उन्होंने कहा कि हमला करने वाले लोग यह न समझें कि कार्यकर्ता कमजोर हैं। गोलियां और तोपें भी कार्यकर्ताओं के हौसले को डिगा नहीं सकतीं। कार्यकर्ता हर तरह की शहादत देने के लिए तैयार हैं और नशा मुक्ति के इस पवित्र अभियान को किसी भी हमले या साजिश से रोका नहीं जा सकता।

यह भी पढ़ें- होशियारपुर के श्मशान में मासूम से कुकर्म और हत्या करने वाले को मिलेगी फांसी, न्याय मिलने पर रो पड़े माता-पिता

नशा पंजाब का सबसे बड़ा अदृश्य दुश्मन

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में नशा प्रदेश का सबसे बड़ा दुश्मन बन चुका है। एक दौर था जब यहां के जाबांज सीमा पर देश की रक्षा करते थे, लेकिन आज नशा एक ऐसा अदृश्य दुश्मन बनकर सामने आया है जो बिना वर्दी के घरों और गांवों में घुसकर पूरे परिवार को तबाह कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह वही ऐतिहासिक धरती है जहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने गिरफ्तारी दी थी और यहीं से इस नई लड़ाई का संकल्प लिया जा रहा है।

पीड़ित परिवारों का दर्द सुन भावुक हुए

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य के विभिन्न जिलों से आए नशा पीड़ित परिवारों के साथ बंद कमरे में बैठक की और उनकी पीड़ा सुनी। बैठक में कई माताओं और बहनों ने रोते हुए बताया कि नशे ने उनके घर के दो-दो चिराग बुझा दिए हैं। पीड़ितों ने कहा कि उन्हें सरकार से कोई मुफ्त बिजली या आटा-दाल नहीं चाहिए, बल्कि केवल इतना चाहिए कि उनके बच्चे सुरक्षित रहें और राज्य से नशा पूरी तरह खत्म हो।

यह भी पढ़ें- 88% नहरी जल से बढ़ा पंजाब का भूजल; सीएम बोले- अंडरग्राउंड पाइपलाइन से हर खेत तक पहुंचा पानी