विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, कैमरे में कैद हुई वारदात

Published: Tue, 13 Oct 2026 11:31 AM (IST)Updated: Tue, 13 Oct 2026 05:03 PM (IST)

मानसा में नशे के खिलाफ लाइव वीडियो बना रहे परविंदर झोटा की मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा गोली मारकर हत्या कर ...और पढ़ें

HighLights

  1. परविंदर झोटा को मेडिकल स्टोर मालिक ने गोली मारी।

  2. नशा विरोधी अभियान के दौरान लाइव वीडियो में घटना कैद।

  3. गोली लगने के बाद इलाज के दौरान परविंदर की मौत।

जागरण संवाददाता, मानसा। पंजाब के मानसा जिले में मेडिकल स्टोरों से नशा बिक्री के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। ये गोली एक मेडिकल स्टोर मालिक ने ही चलाई। जिस समय परविंदर झोटा को गोली मारी गई, वह सोशल मीडिया पर लाइव थे और पूरी घटना उनके लाइव वीडियो में कैद हो गई।

यह दर्दनाक घटना सुबह करीब 9:00 बजे की है। परविंदर झोटा शहर के रेलवे फाटक के नजदीक एक मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी के पास पहुंचे थे और नशा बेचने का आरोप लगाते हुए उससे बहस कर रहे थे। बहस इतनी बढ़ गई कि मेडिकल स्टोर मालिक ने अपनी पिस्तौल निकाल ली। पिस्तौल देखकर परविंदर झोटा और अधिक उग्र हो गए और उन्होंने संचालक को गोली मारने की चुनौती दे दी। इसके बाद गुस्साए मेडिकल स्टोर मालिक ने परविंदर पर गोलियां चला दीं।

यह भी पढ़ें- सोनभद्र में शोरूम संचालक के अपहरण की कोशिश हुई नाकाम, अपह्रत को कार से फेंककर हुए फरार

Protest

अस्पताल में परविंदर झोटा के समर्थक प्रदर्शन करते हुए।

परविंदर के दो समर्थक भी घायल

गोली लगने के बाद परविंदर जान बचाने के लिए सड़क की तरफ भागे और साथ की दुकान में जा गिरे। वहां मौजूद आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें एक गाड़ी में लादा और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान अस्पताल में परविंदर की मौत हो गई।

इस घटना में परविंदर सिंह को तीन गोलियां लगी हैं। दो गोली पेट और एक टांग पर लगी, जिससे उसकी मौत हुई। इस घटना में एक अन्य दुकान के संचालक हैप्पी, कुलविंदर सिंह, बलदेव सिंह और गोविंद सिंह छर्रे लगे हैं और उनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।

यह भी पढ़ें- गोल्डन टेंपल में ट्रैवल व्लॉगर से बदसलूकी, सेवादारों ने धक्का दिया और हाथ मरोड़ा, Video में रोते हुए बयां किया दर्द

अस्पताल में सामाजिक संगठनों का प्रदर्शन शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएसपी हरजिंदर सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। उधर, घटना से गुस्साए परविंदर के माता-पिता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग सिविल अस्पताल पहुंचे।

उन्होंने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा जल्द इंसाफ की मांग की। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

shoe garland chemist shop

2023 में केमिस्ट शॉप मालिक को जूतों का हार पहना कर घुमाया गया।

2023 में भी हो चुका विवाद

परविंदर झोटा का इसी केमिस्ट शॉप मालिक से पहले भी विवाद हो चुका है। परविंदर झोटा ने इसी केमिस्ट शॉप मालिक को 2023 में मुंह काला कर जूतों की माला पहना कर सड़कों पर घुमाया था। उस समय पुलिस को केमिस्ट शॉप मालिक की दुकान से 39 नशे के पत्ते बरामद हुए थे और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद भी कई बार अश्विनी कुमार के साथ परविंदर झोटा की बहस हो चुकी है।

एसएसपी अस्पताल में पहुंचे

घटना के बाद एसएसपी वैभव चौधरी मानसा के सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां परविंदर झोटा के समर्थकों की काफी समय बहस हुई। परविंदर झोटा के समर्थकों ने शहर बंद करने की घोषणा कर दी है। वहीं, एसएसपी मानसा ने साफ किया है कि अभी केमिस्ट शॉप मालिक अश्विनी कुमार फरार है, लेकिन उसे जल्द अरेस्ट कर लिया जाएगा।

विपक्ष के निशाने पर सरकार

इस घटना को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया पर तीखा प्रहार करते हुए सवाल उठाया है कि क्या अब पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों का मुंह इसी तरह गोलियों से बंद किया जाएगा। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है और पीड़ित परिवार के साथ हर संभव खड़े रहने की बात कही है।

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को यह भरोसा दिलाया है कि सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी।  

नितिन नवीन ने मांगी जवाबदेही

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब को नशा मुक्त बनाने के वादे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन आज नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोग ही खतरे में हैं। यह प्रशासन की गंभीर विफलता है। उन्होंने पंजाब के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की।

सुखबीर और हरसिमरत ने उठाए सवाल

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी हत्या को लेकर मान सरकार की आलोचना की। हरसिमरत ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों से लेकर आम नागरिकों तक की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

डाॅ. सुभाष शर्मा और तरुण चुघ ने भी घेरा

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ संघर्ष करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के साथ आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा के राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ ने भी घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

परगट सिंह और राजा वड़िंग ने मांगा जवाब

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी घटना की निंदा करते हुए सरकार को जवाबदेह ठहराया। राजा वड़िंग ने कहा कि दिनदहाड़े हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था की स्थिति उजागर कर दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस घटना की जिम्मेदारी कौन लेगा?

विपक्षी नेताओं ने हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बलतेज पन्नू ने दिश आश्वासन-

 


भाजपा पंजाब प्रधान केवल ढिल्लों ने किया घटना का विरोध

 


अकाली दल ने सरकार को घेरा

 


भाजपा के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ सरकार पर बरसे

 

यह भी पढ़ें- फजिल्का में मोमोज के पैसों को लेकर हुए झगड़े में जगमीत की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात