Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब के लुधियाना में चौकीमान प्लाजा के पास दो कारों के बीच भीषण टक्कर, 2 लोगों की मौत और पांच घायल

    Updated: Wed, 25 Mar 2026 09:29 PM (GMT+05:30)

    लुधियाना-फिरोजपुर मार्ग पर चौकीमान टोल प्लाजा के पास दो कारों की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। शेखूपुरा गांव के पास रिट्ज क ...और पढ़ें

    कैप्शन: पंजाब के लुधियाना में हुआ हादसा (जागरण)

    कैप्शन: पंजाब के लुधियाना में हुआ हादसा (जागरण)

    HighLights

    1. चौकीमान टोल प्लाजा के पास दो कारों की भीषण टक्कर

    2. टायर फटने से रिट्ज कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में घुसी

    3. हादसे में दो की मौत, पांच घायल; सिविल अस्पताल में हंगामा

    जागरण टीम, मुल्लांपुर दाखा/जगराओं। लुधियाना-फिरोजपुर मार्ग पर बुधवार को चौकीमान टोल प्लाजा के पास गांव शेखूपुरा में बुधवार को दो कारों में हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद एक कार में आग लग गई।

    जानकारी के मुताबिक, मोगा से लुधियाना आ रही रिट्ज कार जैसे ही शेखूपुरा के पास पहुंची, उसका पिछला टायर फट गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रही स्विफ्ट कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद रिट्ज कार में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और घायलों को बाहर निकाला।

    एक शख्स ने मौके पर ही तोड़ा दम

    स्विफ्ट कार के चालक शफीदीन उर्फ शफी (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार सिराजुद्दीन (30) ने लुधियाना सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों मृतक चाचा-ताया के बेटे थे।

    मृतक शफीदीन और सिराजुद्दीन अपने पीछे पत्नियों के अलावा दो-दो बेटे और एक-एक बेटी छोड़ गए हैं। हादसे में लालदीन, माम हुसैन और शानू (सभी निवासी ताजपुर रोड, लुधियाना) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं रिट्ज कार में सवार हर्षदीप सिंह और देवकरण सिंह (निवासी खोसा रणधीर, मोगा) भी घायल हुए हैं।

    खबरें और भी

    बताया जा रहा है कि स्विफ्ट में सवार सभी लोग मोगा में एक रिश्तेदार के भोग में शामिल होने जा रहे थे, जबकि रिट्ज कार में बैठे लोग लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार से मिलने आ रहे थे। हादसे के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स और ट्रैफिक पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इंचार्ज परमजीत सिंह और हवलदार सोहन सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कारों से बाहर निकाला और यातायात को बहाल करवाया।

    पोस्टमार्टम को लेकर सिविल अस्पताल में हंगामा

    सिविल अस्पताल में सिराजुद्दीन की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम शव ले जाने की जिद पर अड़ गए और शव को एंबुलेंस में रख भी लिया। इमरजेंसी स्टाफ ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।

    सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतरवाकर मोर्चरी में रखवाया। इस दौरान परिजनों और स्टाफ के बीच तीखी बहस हुई और कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए स्पष्ट कर दिया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शव परिजनों को सौंपा जाएगा।