Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हलवारा एयरपोर्ट पर विमान में तकनीकी खराबी, अगले हिस्से से आई तेज आवाज; 42 यात्री थे सवार

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 10:31 PM (IST)

    हलवारा एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण चार घंटे की देरी हुई। विमान के अगले हिस्से से तेज आवाज आने के बाद 42 यात्रियों को ...और पढ़ें

    हलवारा एयरपोर्ट पर विमान में तकनीकी खराबी। सांकेतिक फोटो

    हलवारा एयरपोर्ट पर विमान में तकनीकी खराबी। सांकेतिक फोटो

    HighLights

    1. हलवारा से दिल्ली फ्लाइट में तकनीकी खराबी आई।

    2. विमान के अगले हिस्से से तेज आवाज सुनाई दी।

    3. करीब 42 यात्रियों को चार घंटे इंतजार करना पड़ा।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुक्रवार को दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला विमान तकनीकी खराबी के कारण करीब चार घंटे तक जमीन पर ही खड़ा रहा। उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के अगले हिस्से से अचानक तेज आवाज आने के बाद उसे तुरंत रोक दिया गया।

    सुरक्षा के मद्देनजर विमान में सवार सभी यात्रियों को उतारकर वापस टर्मिनल भवन में भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को एप्रन से रनवे की ओर ले जाया जा रहा था।

    इसी दौरान विमान के अगले हिस्से से अचानक तेज आवाज सुनाई दी। पायलट ने तत्काल विमान को रोक दिया। इसके बाद विमान को वापस एप्रन पर लाया गया और यात्रियों को टर्मिनल में बैठाया गया। विमान में उस समय करीब 42 यात्री सवार थे।

    काफी देर तक उड़ान के लिए करना पड़ा इंतजार 

    यात्रियों को काफी देर तक उड़ान के लिए इंतजार करना पड़ा। तकनीकी खराबी दूर किए जाने के बाद विमान शाम करीब सात बजे दिल्ली के लिए रवाना हो सका। इस तरह यात्रियों को करीब चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।

    खबरें और भी

    हालांकि, विमान में किस तरह की तकनीकी खराबी आई थी, इस संबंध में एयरलाइंस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। यात्रियों को भी खराबी के कारण के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

    पहले भी लैंडिंग से पहले हवा में चक्कर लगाता रहा था विमान

    हलवारा एयरपोर्ट पर उड़ानों में तकनीकी दिक्कत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले दिल्ली से हलवारा आ रही फ्लाइट भी लैंडिंग से पहले तकनीकी कारणों के चलते काफी देर तक एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाती रही थी।

    विमान के काफी देर बाद सुरक्षित रूप से लैंड करने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने एयरपोर्ट से उड़ानों के संचालन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।