विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एशियाई खेल 2026: नीरज चोपड़ा की जगह भारतीय टीम में यशवीर सिंह को मिली एंट्री, चोट के कारण हुए बाहर

Published: Thu, 03 Sep 2026 04:05 PM (IST)

नीरज चोपड़ा चोट के कारण एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह यशवीर सिंह भारतीय दल में शामिल होंगे। भारत की 78 सदस्यीय टीम घोषित हुई।

नीरज चोपड़ा।

नीरज चोपड़ा।

HighLights

  1. नीरज चोपड़ा चोट के कारण एशियाई खेल 2026 से बाहर।

  2. यशवीर सिंह भाला फेंक में नीरज चोपड़ा की जगह लेंगे।

  3. अविनाश साबले स्टीपलचेज में अभिषेक की जगह लेंगे।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा एशियाई खेल-2026 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान चोटिल होने के कारण उनका नाम भारतीय दल से हटा दिया गया है। उनकी जगह यशवीर सिंह को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसकी जानकारी भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष बहादुर सिंह सग्गू ने दी।

बहादुर सिंह ने बताया कि नीरज चोपड़ा प्रशिक्षण के दौरान चोटिल हुए हैं। उनकी जगह शामिल किए गए यशवीर सिंह राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीत चुके हैं। ऐसे में भारतीय टीम को उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- PU में 26 वर्षों में पांचवीं बार हरियाणा का प्रधान, जींद के अंकित बिढान की CM सैनी ने थपथपाई पीठ

स्टीपल चेज में भी हुआ बदलाव

स्टीपल चेज के एथलीट अभिषेक के चोटिल होने के कारण उनकी जगह अविनाश साबले को दल में शामिल किया गया है। साबले एशियाई खेलों में पदक जीत चुके हैं। बहादुर सिंह ने बताया कि यदि साबले पांच हजार मीटर दौड़ का निर्धारित क्वालीफाइंग स्तर हासिल कर लेते हैं तो वह स्टीपल चेज के साथ पांच हजार मीटर दौड़ में भी हिस्सा ले सकेंगे। उनका नाम एशियाई महासंघ को भेजा गया है। वहां से अनुमति मिलने के बाद वह दल के साथ रवाना होंगे।

35 पुरुष और 43 महिला एथलीट

एशियाई खेलों के लिए 78 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स दल घोषित किया गया है। इसमें 35 पुरुष और 43 महिला एथलीट शामिल हैं। एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान के नागोया में आयोजित होंगे। पिछली बार भारत ने 29 पदक जीते थे।

बहादुर सिंह ने कहा कि भारतीय एथलीटों का हालिया प्रदर्शन अच्छा रहा है। इस बार 25 से 30 पदक जीतने की उम्मीद है। टीम रवाना होने से पहले प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेगी।

यह भी पढ़ें- 'ये SIR का काम, सरकार वोट कैसे हटा सकती है', अनुराग ढांडा ने राघव चड्ढा के AAP पर लगाए आरोपों पर दिया रिएक्शन

पंजाब के छह एथलीट दल में

भारतीय दल में पंजाब के छह एथलीटों को जगह मिली है। इनमें गुरविंदरवीर सिंह, करणवीर सिंह, तेजिंदर पाल सिंह तूर, निहारिका चौधरी, मंजू रानी और रशदीप कौर शामिल हैं।

बहादुर सिंह के अनुसार टीम का चयन राष्ट्रीय ट्रायल, हाल के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों और महासंघ के निर्धारित क्वालीफिकेशन मानकों में प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय एथलीट पिछले एशियाई खेलों से अधिक पदक जीतने में सफल होंगे।

उन्होंने पंजाब में एथलेटिक्स की संभावनाओं की भी सराहना की। उनके अनुसार महासंघ राज्य सरकार के साथ मिलकर युवा एथलीटों को बेहतर सुविधाएं और प्रतियोगिताओं का अनुभव उपलब्ध कराने पर काम कर रहा है।

यह भी पढ़ें- फिर बठिंडा में धमाके की धमकी! जिला परिषद और अदालत परिसर खाली करवाया; ईमेल से खालिस्तानी कनेक्शन की आशंका