लुधियाना में कलयुगी पिता और दादा की साजिश! बच्ची के किडनैपिंग के लिए भेजे गुंडे; मां-नानी ने नाकाम किया प्लान
लुधियाना में एक बच्ची के अपहरण की साजिश को उसकी मां और नानी की सूझबूझ से नाकाम कर दिया गया। पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
-1789278811563_m.webp)
मां-नानी की सूझबूझ से बची बच्ची की जान।
HighLights
लुधियाना में बच्ची के अपहरण की साजिश नाकाम हुई
मां और नानी की सूझबूझ से दो संदिग्ध पकड़े गए
बच्ची के पिता और दादा ने अपहरण की साजिश रची थी
जागरण संवाददाता, लुधियाना। हैबोवाल थाना क्षेत्र में बच्ची की किडनैपिंग की कथित साजिश का मामला सामने आया है। बच्ची की मां और नानी की बहादुरी व सूझबूझ के चलते दो संदिग्ध मौके पर ही पकड़े गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों युवक पिछले कुछ समय से बच्ची और उसके परिवार की रेकी कर रहे थे। स्कूल छोड़ने के दौरान बच्ची की मां और नानी पर नजर रखने के साथ उनकी तस्वीरें भी खींची जाती थीं।
पुलिस को दी शिकायत में बच्ची की मां अनुप्रिया ने बताया कि जब वह अपनी मां के साथ बेटी हेजल को स्कूल छोड़ने जाती थी तो कुछ अज्ञात लोग उनका पीछा करते और फोटो खींचते थे। 12 सितंबर को 3-4 संदिग्ध उनके घर के आसपास पहुंचे। इनमें सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवक घर के बाहर रुक गए।
बच्ची की नानी ने दोनों युवकों को वहां देखकर बाहर आकर पूछताछ की। युवकों के घबराकर भागने का प्रयास करने पर नानी ने बहादुरी दिखाते हुए उनकी एक्टिवा की चाबी निकाल ली और शोर मचा दिया।
आवाज सुनकर अनुप्रिया भी बाहर आ गई। इसके बाद मोहल्ले के लोगों की मदद से दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पकड़े गए युवकों की पहचान ओंकार सिंह निवासी हरकृष्ण नगर, शिमलापुरी और तेजपाल सिंह निवासी न्यू शिमलापुरी के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें बच्ची को किडनैप करने के लिए अनुप्रिया के पति अमनदीप शर्मा और ससुर हेमराज शर्मा ने भेजा था।
थाना हैबोवाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर ओंकार सिंह, तेजपाल सिंह, अमनदीप शर्मा, अवतार कौर और हेमराज शर्मा सहित दो अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3), 3(5) और 62 के तहत केस दर्ज किया है।
जांच अधिकारी एएसआइ ओम प्रकाश ने बताया कि ओंकार और तेजपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा भी बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
