ब्लैकमेल कर महिला पुलिस अधिकारी से दुष्कर्म, हेड इंस्पेक्टर सस्पेंड; तीन बार गर्भपात कराने का भी आरोप
थाना सुधार के हेड इंस्पेक्टर साहिबमीत सिंह पर एक महिला पुलिस अधिकारी से दुष्कर्म, ब्लैकमेल और जबरन गर्भपात कराने के गंभीर आरोप लगे हैं। ...और पढ़ें
-1785001632483_m.webp)
ब्लैकमेल कर महिला पुलिस अधिकारी से दुष्कर्म। फाइल फोटो
HighLights
हेड इंस्पेक्टर साहिबमीत सिंह पर दुष्कर्म, ब्लैकमेल का आरोप।
महिला पुलिस अधिकारी से जबरन तीन बार गर्भपात कराया।
आरोपित निलंबित, मामला दर्ज होने के बाद से फरार।
संवाद सहयोगी, जगराओं/मुल्लापुर दाखा। थाना सुधार के हेड इंस्पेक्टर साहिबमीत सिंह पर महिला पुलिस अधिकारी से दुष्कर्म, ब्लैकमेल और जबरन गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायत के आधार पर थाना दाखा में आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी डा. अंकुर गुप्ता के निर्देश पर आरोपित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। केस दर्ज होने के बाद से आरोपित फरार बताया जा रहा है। पीड़ित महिला पुलिस अधिकारी ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान साहिबमीत सिंह से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी।
नवंबर 2023 में आरोपित ने उसे मुल्लांपुर मिलने के लिए बुलाया और ग्रैंड मैरी विला ले गया। वहां उसने कथित तौर पर नशीली काफी पिलाई, जिससे वह बेहोश हो गई। करीब दो घंटे बाद होश आने पर उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया। महिला का आरोप है कि आरोपित ने उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
महिला के अनुसार, विरोध करने पर साहिबमीत सिंह ने दावा किया कि उसने उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए हैं। आरोपित ने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने और लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कथित तौर पर वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया।
खबरें और भी
तलाक के लिए बनाया दबाव
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। आरोपित ने वीडियो उसके पति और ससुराल वालों को भेजने की धमकी देकर उस पर तलाक लेने का दबाव बनाया। महिला का आरोप है कि ब्लैकमेल के चलते उसे अपने पति से तलाक लेना पड़ा।
बाद में आरोपित उसे अपने घर ले गया और अपनी मां नवनीत कौर से मिलवाया। महिला का कहना है कि उसने आरोपित की मां को पूरी घटना बताई, लेकिन उन्होंने विवाद न करने और शादी करवाने का आश्वासन दिया।
तीन बार गर्भपात कराने का भी आरोप
महिला पुलिस अधिकारी ने आरोप लगाया कि साहिबमीत सिंह ने उसे तीन बार दवा देकर गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया। उसने यह बात आरोपित की मां को भी बताई, लेकिन इसके बावजूद आरोपित उसे कई बार अपने घर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने हेड इंस्पेक्टर साहिबमीत सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।