लुधियाना में कुत्तों के झुंड ने 50 वर्षीय व्यक्ति को नोचकर मार डाला, गले और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोचा
जगराओं के पास पब्बियां गांव में आवारा कुत्तों के झुंड ने 50 वर्षीय रमेश मंडल को नोचकर मार डाला। मृतक धान की रोपाई के लिए बिहार से आया था; ग्रामीणों ने ...और पढ़ें
-1783095905335_m.webp)
लुधियाना में कुत्तों के झुंड ने 50 वर्षीय व्यक्ति को नोचकर मार डाला। सांकेतिक फोटो
HighLights
जगराओं के पब्बियां गांव में कुत्तों का हमला।
50 वर्षीय रमेश मंडल की दर्दनाक मौत।
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।
संवाद सहयोगी, जगराओं। जगराओं के निकट गांव पब्बियां में हड्डा रोडी के आसपास घूमने वाले खुंखार आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। मंगलवार देर रात 50 वर्षीय रमेश मंडल की कुत्तों के झुंड के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह उसका क्षत-विक्षत शव खेतों में मिला। कुत्तों ने उसके गले, चेहरे और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला था।
मृतक की पहचान रमेश मंडल (50) निवासी गांव मनखनाहा, जिला पूर्णिया (बिहार) के रूप में हुई है। वह हर वर्ष की तरह इस बार भी गांव पब्बियां के किसान हरबंस सिंह के खेतों में धान की रोपाई के लिए अपने साथियों के साथ आया था। सभी श्रमिक खेत में बने मोटर कमरे की छत पर ठहरे हुए थे। पुलिस चौकी चौकीमान के प्रभारी एएसआइ सुखमंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात रमेश के मोबाइल पर किसी का फोन आया। बात करने के लिए वह छत से नीचे उतरकर खेतों की ओर चला गया।
इसी दौरान पास स्थित हड्डा रोडी के आसपास घूम रहे करीब आठ से दस खुंखार कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उसे संभलने का मौका तक नहीं दिया और गले समेत शरीर के कई हिस्सों पर बुरी तरह हमला कर दिया। गंभीर जख्मों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी ओर, छत पर सो रहे साथी गहरी नींद में होने के कारण उसकी चीख-पुकार नहीं सुन सके।
सुबह तलाश के दौरान मिला शव
बुधवार सुबह जब साथी श्रमिकों की नींद खुली तो रमेश वहां नहीं मिला। काफी देर तक तलाश करने के बाद खेतों में उसका शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर सभी के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही चौकी चौकीमान पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने धारा 194 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
खबरें और भी
पहले भी हो चुका है हमला
ग्रामीणों के अनुसार, गांव पब्बियां में हड्डा रोडी के आसपास घूमने वाले आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। कुछ समय पहले इसी गांव के छह-सात वर्षीय एक बच्चे पर भी कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बच्चे को पहले जगराओं और बाद में फरीदकोट के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। ग्रामीणों में दहशत है और उन्होंने प्रशासन से हड्डा रोडी के आसपास घूम रहे खुंखार कुत्तों को तत्काल पकड़ने तथा स्थायी समाधान की मांग की है।