जालंधर में खालिस्तान समर्थक नारे लिखने वाले SFJ के दो गुर्गे गिरफ्तार, आंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ का भी खुलासा
जालंधर में रेडक्रास भवन की दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के आरोप में सिख्स फॉर जस्टिस (एसएफजे) के दो ...और पढ़ें
-1791470421100_m.webp)
खालिस्तान समर्थक नारे लिखने वाले SFJ के दो गुर्गे गिरफ्तार। फोटो जागरण
HighLights
जालंधर रेडक्रास भवन पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के आरोप में गिरफ्तारी।
एसएफजे के सुखप्रीत सिंह और राजदीप सिंह को पुलिस ने पकड़ा।
होशियारपुर में डॉ. आंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ की बात कबूली।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर में रेडक्रास भवन की बाहरी दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन सिख्स फार जस्टिस (एसएफजे) के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जालंधर के गांव निहालूवाल निवासी सुखप्रीत सिंह और राजदीप सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपितों का पहले से आपराधिक रिकार्ड है और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच डीसीपी सिटी आदित्य वारियर और डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों की निगरानी में की गई।
आरोपियों की तलाश शुरू
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया 29 सितंबर को जालंधर के रेडक्रास भवन की बाहरी दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे मिले थे। इसके बाद प्रतिबंधित संगठन से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से भी इस संबंध में एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।
इस मामले में थाना डिवीजन नंबर छह में 29 सितंबर को एफआइआर नंबर दर्ज की गई। इसमें आइटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी सुरागों और अन्य तथ्यों के आधार पर दोनों आरोपितों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
डॉ. आंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ का भी आरोप
पुलिस आयुक्त के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने होशियारपुर के चब्बेवाल में डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ करने की बात भी कबूल की है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने 14 और 15 सितंबर की मध्यरात्रि को गांव बरियां कलां में प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया था। इस मामले में पहले ही थाना चब्बेवाल में एफआइआर दिनांक 15 सितंबर 2026 दर्ज है।
इसमें विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब जालंधर पुलिस की जांच में सामने आए इस मामले को उस मामले से जोड़कर भी जांच की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर उनका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपितों से उनके पीछे और आगे के नेटवर्क, संपर्कों और साजिश में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रेडक्रॉस भवन पर नारे लिखने की वारदात के पीछे किसका निर्देश था और आरोपितों के प्रतिबंधित संगठन से क्या संपर्क हैं।
