पंजाब में BKI आतंकी मॉड्यूल का सदस्य हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने नाकाम की हमले की साजिश
काउंटर इंटेलिजेंस ने आईएसआई प्रायोजित बब्बर खालसा इंटरनेशनल के एक प्रमुख सदस्य लखविंदर सिंह उर्फ जोला को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
-1786386964341_m.webp)
BKI आतंकी मॉड्यूल का सदस्य हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार। फोटो जागरण
HighLights
ISI प्रायोजित BKI आतंकी मॉड्यूल का प्रमुख सदस्य गिरफ्तार।
गिरफ्तार आतंकी लखविंदर सिंह उर्फ जोला से हैंड ग्रेनेड बरामद।
पुलिस ने पंजाब में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम की।
जागरण संवाददाता, जालंधर। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआइ) ने आइएसआइ प्रायोजित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआइ) के आतंकी माड्यूल से जुड़े प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि एक बड़े संभावित आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया गया।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह कार्रवाई एआइजी सीआइ नवजोत सिंह माहल ने की और इसमें एसबीएस नगर (नवांशहर) पुलिस का भी सहयोग रहा। एआइजी नवजोत सिंह माहल ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान लखविंदर सिंह उर्फ जोला, निवासी गांव बैरसियां, एसबीएस नगर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपित विदेशी बैठे हैंडलरों के निर्देश पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए काम कर रहा था।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि एआइजी नवजोत सिंह माहल ने आरोपित से पूछताछ की तो पता चला है कि आरोपित ने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर जालंधर के आदमपुर के पास स्थित एक डेड लेटर बाक्स (डीएलबी) से हैंड ग्रेनेड की खेप हासिल की थी।
इसके बाद वह ग्रेनेड को लेकर एसबीएस नगर इलाके में पहुंचा। पुलिस को आतंकी नेटवर्क से जुड़े इनपुट मिलने के बाद काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस ने कार्रवाई तेज की। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने लखविंदर सिंह उर्फ जोला को एसबीएस नगर जिले के इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
खबरें और भी
एआइजी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित ने कई अहम जानकारियां दीं। उसके बयान के आधार पर पुलिस टीम ने गांव बैरसियां में कार्रवाई करते हुए 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह ग्रेनेड किस स्थान पर इस्तेमाल किया जाना था और आतंकी हमले की योजना के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।
आरोपित के विदेशी हैंडलरों से संपर्क, उनसे हुई बातचीत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आतंकी गतिविधियों के लिए हथियार और विस्फोटक सामग्री पहुंचाने के लिए पंजाब में किस तरह का नेटवर्क सक्रिय है।
थाना सदर नवांशहर में केस दर्ज
इस मामले में पुलिस थाना सदर नवांशहर में एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एआइजी माहल ने बताया कि आरोपित से पूछताछ में सामने आया है कि उसने यह ग्रेनेड आदमपुर से लिया था तो अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वहां पर ग्रेनेड किसने रखा था।