जालंधर में कांग्रेस की रोष रैली में चन्नी के समर्थन में नारे, केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन; निकलेगा रोष मार्च
जालंधर में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ रोष रैली शुरू की। खड़गे के मंच शुद्धिकरण और राहुल गांधी पर ...और पढ़ें

जालंधर में पहुंचे पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा, पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक व अन्य।
HighLights
खड़गे के मंच शुद्धिकरण और राहुल गांधी पर FIR का विरोध।
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में लगे सीएम के नारे।
देश भगत यादगार हॉल में धरना, फिर शहर में रोष मार्च।
जागरण संवाददाता, जालंधर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मंच का शुद्धिकरण कर दलित समाज का अपमान करने और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के विरोध में जालंधर कांग्रेस ने सोमवार को केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। देश भगत यादगार हॉल में कांग्रेस की रोष रैली शुरू हो गई है। इसमें पूरे जिले से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे हैं।
रैली का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री एवं जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी कर रहे हैं। पहले देश भगत यादगार हॉल में धरना दिया जा रहा है। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता शहर में रोष मार्च निकालेंगे। रैली में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में भी आवाज उठी। पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें पंजाब का भावी मुख्यमंत्री बताते हुए उनके पक्ष में नारे लगाए। इससे पंजाब कांग्रेस में चन्नी के नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं को और बल मिला है। हालांकि, मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ने ली शपथ, पंजाब सरकार से कोई नेता नहीं पहुंचा; नियुक्ति पर पहले ही जताई थी आपत्ति
कई वरिष्ठ नेता रैली में पहुंचे
मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा विशेष रूप से मौजूद हैं। इसके अलावा विधायक परगट सिंह, विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया, जिला कांग्रेस प्रधान राजेंद्र बेरी, विधायक बावा हेनरी, सुखविंदर सिंह कोटली, पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र सिंह, हलका प्रभारी सुरिंदर कौर और डॉ. नवजोत दहिया समेत कई वरिष्ठ नेता रैली में शामिल हुए हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में बदलाव की आहट! दिल्ली पहुंच रहे वड़िंग, चन्नी और अमर सिंह, पायलट के सामने बड़ी चुनौती
दलित विरोधी मानसिकता का विरोध
कांग्रेस नेताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे के मंच का शुद्धिकरण किए जाने को दलित समाज का अपमान बताया। उन्होंने इसे भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता करार दिया। नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने को भी विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से विपक्ष के नेताओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। देश भगत यादगार हॉल में धरने के बाद शहर में रोष मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। रैली में कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं।
