जालंधर में गिरफ्तार करने गई टीम से चली गोली से युवक की मौत, परिवार ने उठाए सवाल, पुलिस ने आत्मरक्षा का दिया हवाला
मेहतपुर के गांव बांगीवाल में पुलिस छापेमारी के दौरान गोली लगने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिवार ने पुलिस पर पीछे से गोली मारने का आरोप लगाया, जब ...और पढ़ें

मृतक युवक की फाइल फोटो।
HighLights
जालंधर में पुलिस छापेमारी के दौरान युवक लवप्रीत की मौत।
परिवार ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाने का दावा किया।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर जिले के मेहतपुर क्षेत्र स्थित गांव बांगीवाल में पुलिस की छापेमारी के दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय लवप्रीत सिंह लंबी निवासी गांव बांगीवाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार लवप्रीत हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गांव पहुंची थी।
परिवार का आरोप है कि मेहतपुर पुलिस लवप्रीत को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर पहुंची थी। उस समय वह घर में नहा रहा था। जैसे ही वह घर से बाहर निकला, सादे कपड़ों में मौजूद थाना प्रभारी के गनमैन ने पीछे से गोली चला दी। उनका आरोप है कि गोली उसकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
यह भी पढ़ें- पंजाब: फिरोजपुर में पिकअप और ट्रॉली की टक्कर में 8 की मौत, 15 से अधिक लोग घायल
पुलिस का दावा- टीम पर हमला हुआ
वहीं पुलिस का पक्ष इससे भिन्न है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि लवप्रीत और उसके परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। युवक के खिलाफ चार मामले दर्ज थे। उसकी बहन और मृतक पिता पर भी अपराधिक मामले दर्ज थे।
जब पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए पहुंची तो पूरे परिवार ने पुलिस पार्टी पर हमला किया। अपने बचाव में एसएचओ अमन सैनी के गनमैन ने गोली चलाई जो युवक को लगी जिससे उसकी मौत हुई है। फिलहाल इस मामले में एसपी आईपीएस विनीत अहलावत जांच करेंगे।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन ब्लू स्टार की 42वीं बरसी, स्थिति हुई तनावपूर्ण; श्री हरिमंदिर साहिब में लगे खालिस्तान जिंदाबाद के नारे
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
परिवार के मुताबिक घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। परिवार ने संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।
मामले की जांच हुई शुरू
घटना के बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गोली चलने की परिस्थितियों, पुलिस कार्रवाई और परिवार के आरोपों की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।