ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में हुए सड़क हादसे में बटाला के युवक की मौत, सदमे पूरा परिवार
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में एक सड़क हादसे में बटाला के 36 वर्षीय स्नेह पाल सिंह की मौत हो गई, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी खड़ी कार को टक्कर मार दी। ...और पढ़ें
-1786295494017_m.webp)
ऑस्ट्रेलिया में हुए सड़क हादसे में बटाला के युवक की मौत।
HighLights
बटाला के स्नेह पाल सिंह की मेलबर्न में सड़क हादसे में मौत।
खड़ी कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, मौके पर ही निधन।
परिवार ने शव भारत लाने के लिए सरकार से मदद मांगी।
जागरण संवाददाता, बटाला। ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न में सड़क हादसे में बटाला के अर्बन एस्टेट के 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शनिवार को मृतक स्नेह पाल सिंह की कार सड़क के किनारे खड़ी थी कि पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उसकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में स्नेह पाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां-बाप पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे को उन्होंने बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ विदेश भेजा था, उसके इस तरह दुनिया से चले जाने की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें अभी तक स्नेह पाल की मौत पर विश्वास नहीं हो रहा है।
स्नेह पाल सिंह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। करीब 11 साल पहले वह बेहतर भविष्य की तलाश में ऑस्ट्रेलिया गया था। वहां वह अपने परिवार के सपनों को साकार करने के लिए मेहनत कर रहा था। स्नेह पाल की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक घर और परिवार तक पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
इकलौता बेटा होने के कारण वह मां-बाप के लिए बेहद खास था और परिवार की जिम्मेदारियों को लेकर भी गंभीर रहता था। स्नेह पाल की मौत की सूचना मिलने के बाद रिश्तेदार और ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंचने लगे। गांव में हर कोई परिवार के इकलौते बेटे के निधन से गमगीन है।
खबरें और भी
परिजनों ने सरकार और संबंधित प्रशासन से सनेह पाल के शव को जल्द से जल्द भारत लाने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि अंतिम संस्कार पारिवारिक रीति-रिवाज के अनुसार किया जा सके। स्नेह पाल के निधन से परिवार ने अपना इकलौता सहारा खो दिया है।
मां-बाप की आंखों के सामने बेटे के साथ जुड़ी यादें बार-बार घूम रही हैं। विदेश में रोजी-रोटी कमाने गए सनेह पाल की मौत ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। उधर, सांसद सुखजिंदर रंधावा और कांग्रेस नेता अमनदीप जैंतीपुर ने घसीटपुर में मृतक के ससुर सुखदेव सिंह के साथ दुख व्यक्त किया।