Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दो पेटी विदेशी शराब और एक लाख रुपये... चंडीगढ़ में हर महीने ठेकेदार से मांगने वाले SHO पर गिरी गाज

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 11:13 PM (IST)

    चंडीगढ़ पुलिस ने मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर को एक शराब ठेकेदार से रिश्वत मांगने के आरोप में पद से हटाकर ट्रैफिक लाइन भेजा है। यह कार्रवाई ...और पढ़ें

    दो पेटी विदेशी शराब और एक लाख रुपये की मांग। फाइल फोटो

    दो पेटी विदेशी शराब और एक लाख रुपये की मांग। फाइल फोटो

    HighLights

    1. मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर पर हुई कार्रवाई।

    2. ठेकेदार से एक लाख रुपये और विदेशी शराब मांगने का आरोप।

    3. चंडीगढ़ पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां।

    जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस में लगातार सामने आ रहे विवादों के बीच अब मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर पर भी कार्रवाई हुई है। एक शराब ठेकेदार की शिकायत के बाद उन्हें थाना प्रभारी के पद से हटाकर ट्रैफिक लाइन भेज दिया गया है।

    ठेकेदार ने थाना प्रभारी पर हर महीने एक लाख रुपये और विदेशी ब्रांड की दो पेटी शराब मांगने का आरोप लगाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए आईजी स्तर से उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

    यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब चंडीगढ़ पुलिस में हाल ही में रिश्वत और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, एएसआई भगत सिंह के सीबीआई ट्रैप में गिरफ्तार होने और एसआई जगमेहर सिंह व एएसआई सुरेंद्र पाल के खिलाफ कार्रवाई के बाद कई महत्वपूर्ण पद खाली हो गए थे। सोमवार को विभाग ने इन पदों पर नई तैनाती की सूची जारी कर दी।

    तीन थानों को मिले नए प्रभारी

    विभागीय सूची के अनुसार इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार को नीलम पुलिस चौकी से मनीमाजरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सेक्टर-22 पुलिस चौकी में तैनात इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार को सेक्टर-26 थाने की जिम्मेदारी दी गई है। सेक्टर-26 थाने में तैनात इंस्पेक्टर मोहित कुमार को मौलीजागरां थाना प्रभारी बनाया गया है।

    खबरें और भी

    क्राइम सेल से ईओडब्ल्यू तक बदली जिम्मेदारियां

    डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल का खाली पद इंस्पेक्टर जसवीर सिंह को सौंपा गया है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार को ईओडब्ल्यू थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर दलजीत सिंह को आरटीसी भेजा गया है।

    पुलिस मुख्यालय में तैनात इंस्पेक्टर बलजीत सिंह को एचएसी का कार्यभार दिया गया है। वहीं डड्डूमाजरा पुलिस चौकी में तैनात इंस्पेक्टर सूर्या कुमार को भी ईओडब्ल्यू भेजा गया है।

    लगातार कार्रवाई के बाद अहम पदों पर नजर

    पुलिस विभाग में पिछले दिनों हुई कार्रवाई के बाद खाली हुए पदों को भरने के साथ अब नए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। खास बात यह है कि मनीमाजरा थाना प्रभारी के खिलाफ शिकायत और जांच के बीच तबादला किया गया है।