पंजाब-हिमाचल में सक्रिय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश, मोहाली पुलिस ने 3 बदमाश दबोचे; 800 पशु चुराने का खुलासा
पंजाब और हिमाचल में पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का खरड़ सीआईए ने पर्दाफाश ...और पढ़ें
HighLights
खरड़ सीआईए ने जम्मू से पशु चोर गिरोह के 3 बदमाश दबोचे।
मोहाली में भी 10 वारदात की, गरीब परिवारों को निशाना बनाया।
पशु मालिकों और अन्य लोगों के साथ मारपीट भी करते थे।
संदीप खत्री, मोहाली। पंजाब और हिमाचल में पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली गिरोह को खरड़ सीआईए ने जम्मू से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को दबोचा है।
पुलिस के मुताबिक गैंग अब तक करीब 800 पशु चोरी कर चुकी है। इनमें भैंस, गाय, भेड़ और बकरियां शामिल हैं। गैंग ने मोहाली और आसपास के इलाकों में भी करीब 10 वारदातों को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपित पंजाब और हिमाचल के अलावा रोपड़ और गुरदासपुर क्षेत्र में भी पशु चोरी करते थे। वारदात के दौरान ये लोग पशु मालिकों और अन्य लोगों के साथ मारपीट भी करते थे। इससे इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल था।
पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ के लिए रिमांड लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस चोरी किए गए पशुओं के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही बाकी वारदातों में उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।
गरीब परिवारों के लिए पशु ही थे रोजी-रोटी का सहारा
गैंग जिन लोगों के पशु चोरी करती थी, उनमें बड़ी संख्या गरीब परिवारों की थी। कई परिवारों के लिए भैंस, गाय, भेड़ और बकरियां ही उनकी आमदनी का प्रमुख साधन थीं। पशु चोरी होने से परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। आरोपितों के पकड़े जाने के बाद कई पीड़ित लोग खरड़ सीआइए पहुंचे और पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
कार्रवाई से पुलिस के प्रति बढ़ा भरोसा
एसएसपी वरुण शर्मा के कार्यभार संभालने के बाद जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। खरड़ सीआईए की ओर से भी चोरी, नशे और अन्य आपराधिक वारदातों में शामिल आरोपितों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
पशु चोरी की गैंग पकड़े जाने के बाद पीड़ित गरीब परिवारों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ। पीड़ित लोगों ने सीआइए खरड़ पहुंचकर इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रदीप बाजवा और उनकी टीम का सम्मान किया और कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।
