पंजाब CM के OSD ने लगाया FIR सार्वजनिक करने का आरोप, CBI अदालत में दाखिल की अवमानना याचिका
पंजाब के मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुम्मन ने सीबीआई के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की है, आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद एफआईआर सार्वजनिक की गई।

पंजाब सीएम भगवंत मान (फाइल फोटो)
HighLights
ओएसडी राजबीर घुम्मन ने सीबीआई के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की।
आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद एफआईआर सार्वजनिक की गई।
सीबीआई ने मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय समेत आठ स्थानों पर छापेमारी की।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश पर पंजाब में कथित भ्रष्टाचार नेटवर्क की जांच कर रही सीबीआइ की एफआइआर बुधवार को सार्वजनिक होने पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सीबीआइ ने इस मामले में जिन छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, उनमें से एक मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुम्मन ने चंडीगढ़ स्थित सीबीआइ कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की है।
याचिका में कहा गया है कि सीबीआइ ने केस संवेदनशील होने का हवाला देते हुए एफआइआर को सार्वजनिक पोर्टल पर अपलोड न करने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने सीबीआइ की यह मांग स्वीकार कर ली थी।
इसके बावजूद एफआइआर को मीडिया और आम लोगों के बीच उपलब्ध करवा दिया गया, इसलिए उन्होंने सीबीआइ की जांच टीम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दूसरी तरफ, इस मामले में सीबीआइ की ओर से समन जारी होने के बावजूद ओएसडी राजबीर घुम्मन बुधवार को पेश नहीं हुए।
मंगलवार को सीबीआइ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप कार्यालय समेत पंजाब में आठ स्थानों पर छापेमारी की थी। शाम करीब पांच बजे शुरू हुई कार्रवाई रात 11 बजे तक चली थी। दूसरी ओर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सीबीआइ के छापे को लेकर दावा किया कि एजेंसी की टीमें खाली हाथ लौटीं हैं।
